समाचार · मध्य प्रदेश
श्योपुर में ग्रामीणों ने भजन-कीर्तन के बाद विरोध प्रदर्शन किया:67 बीघा मंदिर की भूमि की आय के दुरुपयोग का आरोप; कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा
श्योपुर के ग्राम जावदेश्वर के ग्रामीणों ने बुधवार को कलेक्टर कार्यालय परिसर में अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। पहले भजन-कीर्तन किया, फिर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मंदिर की जमीन की जांच की मांग की। 67 बीघा जमीन की आय के दुरुपयोग का आरोप ग्रामीणों ने प्राचीन श्री रघुनाथ जी महाराज एवं गुरु महाराज मंदिर की करीब 67 बीघा भूमि की आय के दुरुपयोग की जांच कराने की मांग की। उनका आरोप है कि मंदिर के पुजारी सोनू शर्मा कृषि भूमि से होने वाली आय का उपयोग मंदिर के रखरखाव और विकास कार्यों के बजाय निजी कार्यों में कर रहे हैं। प्रशासन की निगरानी में हो नीलामी ग्रामीणों ने बताया कि मंदिर के नाम पर 14.0670 हेक्टेयर (करीब 67 बीघा) जमीन दर्ज है। उनका आरोप है कि वर्ष 2025-26 के लिए तहसीलदार के आदेश के बावजूद भूमि की नीलामी नियमानुसार नहीं हो रही। उन्होंने मांग की कि प्रशासन की निगरानी में भूमि की नीलामी कराई जाए और उससे मिलने वाली आय मंदिर के विकास व रखरखाव पर खर्च की जाए। ज्ञापन पर सरपंच रामराज, उपसरपंच गिर्राज मीणा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं।