Wednesday, 15 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर, 10 बड़ी खबरें:8 टोलों पर टैक्स बढ़ा; बाजवा बन सकते हैं कांग्रेस बॉस; खालिस्तानी ने PM मोदी को गाली दी, निहंगों ने महिला पीटी

INT News15 July 2026 at 05:55 pm

नमस्कार, पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर टोल रेटों में बढ़ोतरी है। NHAI ने 8 टोलों से गुजरने वाले वाहनों के टोल रेट में 10 रुपए की बढ़ोतरी की है। यह करीब 4 महीने के भीतर की गई दूसरी वृद्धि है। इससे पहले अप्रैल में 5 रुपए बढ़ाए गए थे। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें… इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. टोल प्लाजा के रेट बढ़े, लाडोवाल टोल 4 महीने में दूसरी बार महंगा पंजाब में NHAI ने 8 टोल प्लाजा के रेट बढ़ा दिए हैं। लुधियाना के सबसे महंगे टोल प्लाजा में शुमार लाडोवाल टोल प्लाजा से गुजरने वाले वाहनों को अब और चार्ज देना होगा। लगभग 4 महीने के भीतर एक बार फिर टोल की दरों में बढ़ोतरी की गई है। नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गईं। इस फैसले के बाद लाडोवाल टोल प्लाजा पर अब कार ड्राइवर्स को 225 की जगह 235 रुपए देने होंगे। इसी तरह सभी वाहनों के रेट बढ़ाए गए हैं। 1 अप्रैल 2026 को कार-जीप के टोल रेट में 5 रुपए की बढ़ोत्तरी की गई थी। अब फिर 10 रुपए की बढ़ोत्तरी की गई है। सिंगल जर्नी के लिए अलग-अलग श्रेणियों में 10 रुपए से लेकर 60 रुपए तक की सीधी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। लाडोवाल के अलावा कालाझर, लहराबेगा, कोट करोर, घुलाल, काला टिब्बा, खुइयां सरवर, शेखपुरा और पैंद टोल प्लाजा पर भी कारों के टोल में 5 से 10 रुपए तक की बढ़ोतरी की गई है। बसों, ट्रकों और अन्य कमर्शियल वाहनों की दरें भी संशोधित हुई हैं। पढ़ें पूरी खबर… 2. बाजवा पंजाब कांग्रेस के नए प्रधान बन सकते हैं, दिल्ली बुलाए पंजाब कांग्रेस में कलह के बीच विधायक दल के नेता प्रताप सिंह बाजवा नए प्रदेश अध्यक्ष बन सकते हैं। कल (14 जुलाई) राहुल गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मीटिंग के बाद बुधवार को अचानक उन्हें दिल्ली बुलाया गया, जहां उनकी मुलाकात केसी वेणुगोपाल से हुई है। पंजाब प्रभारी बघेल भी वेणुगोपाल से मिले हैं। अब वह अपनी रिपोर्ट राहुल गांधी व खड़गे को सौंपेंगे। इसे देखते हुए चन्नी भी आज ही दिल्ली जाकर केसी वेणुगोपाल से मिल सकते हैं। कांग्रेस हाईकमान से जुड़े सोर्सेज के मुताबिक राहुल गांधी और खड़गे 4 बड़े फैसले ले सकते हैं। एक तो प्रताप सिंह बाजवा कांग्रेस के नए प्रधान बन सकते हैं। दूसरा, राजा वड़िंग हाईकमान के कहने पर इस्तीफा दे सकते हैं। इसके अलावा, चन्नी गुट से जुड़े नेताओं पर कार्रवाई हो सकती है। साथ ही भूपेश बघेल को प्रभारी पद से हटाया जा सकता है। पढ़ें पूरी खबर… 3. सतलुज कंट्रोवर्सी का एंड, रवनीत बिट्‌टू बैकफुट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे से पहले केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्‌टू सतलुज फिल्म के विरोध को लेकर बैकफुट पर आ गए हैं। बिट्‌टू ने पंजाबी सिंगर व एक्टर दिलजीत दोसांझ के साथ चल रही कंट्रोवर्सी का दि एंड कर दिया। बिट्‌टू ने दो ट्वीट किए, जिनके जरिए इस विवाद को खत्म करने का मैसेज दिया है। रवनीत बिट्टू ने दिलजीत दोसांझ की फोटो के साथ वीडियो मैसेज पोस्ट किया। उसमें उन्होंने कहा कि होला भी गोबिंद का है और होली भी गोबिंद की है। दोनों रंग गोबिंद के हैं। इसके बाद बिट्‌टू ने एक और वीडियो पोस्ट की और लिखा कि पंजाब और देश के प्रति मेरी कोशिशें जारी रहेंगी। मैं कोशिश करूंगा कि जंगल में आग न लगे। मैं पानी की एक बूंद डालने की कोशिश कर रहा हूं। मैं उस पक्षी की तरह कोशिश कर रहा हूं जो जंगल में आग लगने पर अपनी चोंच में पानी की बूंद लाकर डालता है। बिट्‌टू के इन पोस्ट से साफ हो गया कि वह इस विवाद को अब आगे नहीं बढ़ाना चाहते हैं। पढ़ें पूरी खबर… 4. स्कूल बस ने बच्चे को कुचला, मां के सामने मौत लुधियाना में बुधवार सुबह 3 साल के बच्चे को प्राइवेट स्कूल की बस ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बस के अगले और पिछले टायर ऊपर से गुजरने के कारण बच्चे का मांस सड़क पर चिपक गया। बच्चा अपनी मां के साथ बड़ी बहन को स्कूल बस में बैठाने घर के बाहर आया था। हादसे के बाद ड्राइवर बस लेकर भागने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा कि ड्राइवर के पास वैध लाइसेंस नहीं है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसा कोहाड़ा क्षेत्र के गांव शालू भैणी में हुआ। बच्चे की एक बहन है। थाना कुमकलां के हेड कॉन्स्टेबल जगतार सिंह ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि ड्राइवर के पास वैध लाइसेंस नहीं मिला या किसी प्रकार की लापरवाही साबित हुई तो उसके अनुसार संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पढ़ें पूरी खबर… 5. झाड़ियों में मिला युवक का शव, 2 बच्चों का पिता था फाजिल्का में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को सरकारी अस्पताल की मॉर्च्युरी में पोस्टमॉर्टम के लिए रखवा दिया है। परिवार ने युवक की हत्या की आशंका जताई है। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कही है। परिजनों के अनुसार, मृतक घर से सामान लेने के लिए गांव घुबाया गया था, लेकिन वापस नहीं आया। संता सिंह ने बताया कि वह गांव चक्क खीवा के रहने वाले हैं। उनके घर पर लकड़ी का काम चल रहा था और दरवाजे बनवाए जा रहे थे। उन्होंने बताया कि मंगलवार को बेटा गुरमीत सिंह (28) मिस्त्री के कहने पर घुबाया से कील लेने गया था, लेकिन लौटा नहीं। इसके बाद उसकी मौत की सूचना मिली। पढ़ें पूरी खबर… 6. बिल नहीं चुकाने पर अस्पताल ने मरीज का शव रोका लुधियाना सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद निजी अस्पताल ने करीब 8 घंटे तक शव रोके रखा, क्योंकि परिजनों ने बिन नहीं चुका था। इस मामले में पंजाब राज्य एवं चंडीगढ़ (यूटी) मानवाधिकार आयोग ने खुद संज्ञान लिया है। आयोग ने लुधियाना के सिविल सर्जन से विस्तृत तथ्यों के आधार पर रिपोर्ट तलब की है। रिपोर्ट अगली सुनवाई से एक सप्ताह पहले आयोग में दाखिल करनी होगी। यह कार्रवाई एक मीडिया रिपोर्ट के आधार पर की गई है, जिसमें आरोप लगाया गया था कि सड़क हादसे में घायल युवक की मौत के बाद निजी अस्पताल ने करीब 2.31 लाख रुपए का मेडिकल बिल जमा होने तक शव परिजनों को नहीं सौंपा। आयोग की पीठ में जस्टिस संत प्रकाश, जस्टिस गुरबीर सिंह और पद्मश्री जितेंद्र सिंह शंटी शामिल हैं। उन्होंने मामले को गंभीर मानते हुए खुद संज्ञान लेकर शिकायत दर्ज की और जांच के आदेश दिए हैं। पढ़ें पूरी खबर… 7. निहंगों ने महिला को पीटा, बालों से घसीटकर बाहर लाए पटियाला में निहंगों ने एक महिला की सरेआम पिटाई की। निहंग महिला को बालों से घसीटकर अंदर से गली में लाए और फिर उसके साथ मारपीट की। महिला निहंगों के साथ लड़ती रही। निहंग महिला को जिस डंडे से पीट रहे थे उसने वह डंडा पकड़ लिया। महिला इतनी दिलेरी से लड़ी कि तीन चार निहंग मिलकर भी उससे डंडा नहीं छुड़ा पाए। निहंग सिंह घर में घुसे और उन्होंने परिवार के अन्य लोगों के साथ भी मारपीट की। उनका कुछ सामान बाहर फेंक दिया। निहंग उनकी अलमारी लेकर गली में आए, जिससे विवाद और बढ़ गया। यह सारी घटना आसपास के लोगों ने मोबाइल में कैद की और साथ ही पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर आई और निहंगों को वहां से लौटाया। घटना पटियाला के सनौर हलके के संत हजारा सिंह नगर की है। यहां निहंग सिंह घर का कब्जा दिलाने पहुंचे थे। पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष के बयान लेकर हमला करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया जाएगा। पढ़ें पूरी खबर… खबर विदेश से… 8. ऑस्ट्रेलिया में PM मोदी को अपशब्द कहे, खालिस्तान जिंदाबाद के नारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान मेलबर्न में खालिस्तान समर्थक और भाजपा समर्थक सिख भिड़ गए। खालिस्तानी PM को अपशब्द बोलते सुनाई दिए। इसका एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो को भाजपा समर्थक सिख जगविंदर विर्क ने बुधवार सुबह अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया। वायरल वीडियो में कुछ खालिस्तान समर्थक प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियों के साथ खालिस्तान जिंदाबाद के नारे लगा रहे हैं। बहस 'सतलुज' फिल्म पर लगे बैन को लेकर शुरू हुई। इसके बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई, लेकिन खालिस्तानी फिर भी नहीं रुके और PM पर गलत कमेंट करते रहे। इसके बाद दोनों पक्षों को अलग कर मामला शांत कराया। पढ़ें पूरी खबर… 9. इंग्लैंड में पंजाबी लड़की की हत्या, पेट-छाती पर चाकू मारा तरनतारन की युवती की इंग्लैंड में हत्या कर दी गई। उसके पेट-छाती में 5 बार चाकू से वार किया गया। युवती करीब दो साल पहले स्टूडेंट वीजा पर हायर एजुकेशन के लिए गई थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद उसे वर्क परमिट मिल गया था और वह वहीं रहकर नौकरी कर रही थी। युवती की हत्या के बाद आरोपी का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह चाकू लेकर जाता हुआ दिख रहा है। वीडियो घर के गेट के कैमरे में कैद हुआ। युवती के पेरेंट्स ने बेटी का भविष्य संवारने के लिए अपनी जमीन तक बेच दी थी, ताकि वह उसे इंग्लैंड भेज सकें। परिवार को उम्मीद थी कि उनकी बेटी विदेश में बेहतर पढ़ाई करके अच्छी नौकरी हासिल करेगी। उधर, ब्रिटिश पुलिस ने आरोपी की पहचान कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पुलिस से बचने के लिए ही युवती के घर पहुंचा था। पढ़ें पूरी खबर… खबर हटके… 10. भतीजे को किडनैप करने दौड़ी बुआ, बैग-चप्पल छोड़ भागा अमृतसर से एक रोचक मामला सामने आया है। यहां 10 वर्षीय बच्चे को किडनैप करने की कोशिश की गई। कमाल की बात यह है कि बच्चे को किडनैप करने उसकी बुआ ही आई थी। बुआ किडनैपिंग के लिए 2 अन्य लोगों को साथ लेकर आई थी। लेकिन, बड़ी बात यह हुई की 10 साल का बच्चा इनके हाथ ही नहीं आया। बच्चा किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर रेलवे क्वार्टर के परिसर में उगी झाड़ियों में छिप गया। इसके बाद में एक ऑटो ड्राइवर की मदद से थाने पहुंच गया। वहां से बच्चे की मां को फोन किया गया। बच्चा कहां-कहां से भागकर गया और कहां छिपा था, इसका वीडियो सामने आया है। यहां से उसकी चप्पलें भी मिली हैं। पढ़ें पूरी खबर… (कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)