समाचार · मध्य प्रदेश
छतरपुर में क्लास में सो रहे टीचर का VIDEO:छात्र-छात्राएं चुपचाप बैठे थे, ग्रामीण बोले- ऐसे कैसे बनेगा बच्चों का भविष्य
छतरपुर जिले के पड़रिया स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में एक विज्ञान शिक्षक क्लास में सोते हुए पाए गए। इसका एक वीडियो सोमवार को सामने आया है, जिसमें शिक्षक शिव प्रसाद मिश्रा कुर्सी पर गहरी नींद में खर्राटे लेते दिख रहे हैं, जबकि छात्र पढ़ाई का इंतजार कर रहे थे। हालांकि वीडियो कबका है, यह अभी स्पष्ट नहीं है। वायरल वीडियो में शिक्षक मिश्रा कुर्सी पर आंखें बंद करके सोते हुए स्पष्ट दिख रहे हैं। कक्षा में मौजूद छात्र-छात्राएं चुपचाप बैठे थे और उन्हें जगाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। इस घटना के सामने आने के बाद ग्रामीणों में शिक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी बढ़ गई है। स्थानीय ग्रामीण जीडीआर पटेल ने इस पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यदि शिक्षक स्कूल समय में पढ़ाए बिना सोते रहेंगे, तो बच्चों का भविष्य कैसे बनेगा। उन्होंने सरकारी स्कूलों पर अभिभावकों के भरोसे में कमी आने की बात कहते हुए संबंधित शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। डीईओ बोले- नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी
जिला प्रभारी शिक्षा अधिकारी कौशल सिंह ने मामले को गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो की जांच की जाएगी और यदि आरोप सही पाए गए, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में अब तक शिक्षक मिश्रा की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।