समाचार · झारखंड
लोहरदगा: कुड़ू और कैरो सीमा से 48 घंटे में बरामद हुआ लापता मासूम, पुलिस की सक्रियता से मिली कामयाबी

कुड़ू से अमित कुमार राज की रिपोर्ट
Lohardaga Missing Child Recovered, लोहरदगा : लोहरदगा जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र अंतर्गत ननतिलो नावाटोली गांव से पिछले दो दिनों से लापता एक 13 वर्षीय बच्चे को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 48 घंटे के भीतर सोमवार को सुरक्षित बरामद कर लिया है. पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्चे को उसके परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद परिवार ने राहत की सांस ली. जानकारी के अनुसार, ननतिलो नावाटोली की रहने वाली सालोनी उरांव ने कुड़ू थाने में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका 13 साल का बेटा राज अनुप उरांव 27 जून की सुबह करीब 10 बजे घर से बिना किसी को कुछ बताए कहीं चला गया है. परिजनों ने अपने स्तर से रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन जब बच्चे का कहीं कोई सुराग नहीं मिला, तो थक-हारकर उन्होंने पुलिस से मदद की गुहार लगाई.
थाना प्रभारी ने खुद संभाली कमान
लापता बच्चे की मां से आवेदन मिलते ही कुड़ू थाना प्रभारी अजीत कुमार ने मामले को गंभीरता से लिया और तुरंत बच्चे की खोजबीन के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया. इसी बीच सोमवार को थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली कि लापता राज अनुप उरांव की हुलिया से हूबहू मिलता-जुलता एक बच्चा कुड़ू और कैरो थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित तान पहाड़ी की तरफ अकेला देखा गया है. इस सूचना पर बिना वक्त गंवाए थाना प्रभारी अजीत कुमार दो पुलिस अधिकारियों और बच्चे के परिजनों को साथ लेकर खुद सर्च ऑपरेशन के लिए निकल पड़े. सोमवार दोपहर लगभग दो बजे पुलिस टीम ने तान और हुदू गांव के बीच जंगलों और पहाड़ी के पास से बच्चे को सुरक्षित ढूंढ निकाला.
Also Read: जमशेदपुर: बिना वर्क ऑर्डर के ही ढाल दी नाली और सड़क, मानगो नगर निगम में 6.73 करोड़ का घोटाला
मां ने जताया पुलिस का आभार
बच्चे को सुरक्षित बरामद करने के बाद पुलिस टीम उसे लेकर कुड़ू थाना पहुंची, जहां जरूरी कागजी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे उसकी मां को सौंप दिया गया. बच्चे को सही-सलामत वापस पाकर उसकी मां सालोनी उरांव के आंसू छलक पड़े. उन्होंने बताया कि बेटा जब से लापता हुआ था, तब से पूरा परिवार गहरे सदमे में था और दो दिनों से घर में चूल्हा तक नहीं जला था. उन्होंने थाना प्रभारी अजीत कुमार और पूरी पुलिस टीम की सक्रियता की दिल से सराहना की और कहा कि पुलिस के तुरंत एक्शन लेने के कारण ही उनका बच्चा आज सुरक्षित घर लौट सका है. स्थानीय ग्रामीणों ने भी संकट की इस घड़ी में संवेदनशीलता दिखाने के लिए लोहरदगा पुलिस की पीठ थपथपाई है.
Also Read: तारा शाहदेव मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे रकीबुल को राहत नहीं, हाईकोर्ट में जमानत याचिका खारिज