समाचार · छत्तीसगढ़
सूरजपुर में चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार:पुलिस ने न्यायिक रिमांड पर भेजा, अन्य की तलाश जारी
सूरजपुर पुलिस ने चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है और चोरी हुए सामान की बरामदगी के प्रयास जारी है। पुलिस के अनुसार, यह मामला चौकी बसदेई में अपराध क्रमांक 276/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(क), 331(4) एवं 3(5) के अंतर्गत दर्ज किया गया था। ग्राम सोनपुर निवासी रहमत उल्ला उर्फ जरीफ उल्ला ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रहमत उल्ला ने बताया था कि उनके छोटे भाई अशराफ उल्ला की किराना दुकान में अज्ञात चोरों ने सेंध लगाई थी। चोर दुकान से नकदी और अन्य सामान चुरा ले गए थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 64 हजार रुपए आंकी गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने कुछ संदेहियों से पूछताछ की। इसी दौरान भीम सिंह (37 वर्ष), निवासी मरवाही, चौकी बसदेई को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में मिली जानकारी और सबूतों के आधार पर पुलिस ने 29 जून को दोपहर 1:40 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है और चोरी हुए सामान की बरामदगी के लिए कार्रवाई जारी है।