Tuesday, 30 June 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

ऑस्ट्रेलियाई ओलंपियन टेस्स मेडगेन राजनांदगांव पहुंचीं:'बास्केटबॉल की नर्सरी' में स्पेशल ट्रेनिंग और ट्रायल शुरू, देशभर के खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

INT News29 June 2026 at 10:06 pm

राजनांदगांव में दो बार की ओलंपियन और ऑस्ट्रेलियाई बास्केटबॉल टीम की कप्तान टेस्स मेडगेन अपनी टीम के साथ विशेष प्रशिक्षण शिविर और ट्रायल्स के लिए पहुंची हैं। रायपुर और राजनांदगांव पहुंचने पर उनका स्वागत किया गया। यह दो दिवसीय विशेष बास्केटबॉल प्रशिक्षण शिविर सह ट्रायल्स 28 और 29 जून को आयोजित किया जा रहा है। इसका आयोजन सर्वज्ञ राव बास्केटबॉल अकादमी राजनांदगांव द्वारा दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) खेलो इंडिया अकादमी और युगांतर खेलो इंडिया अकादमी के सहयोग से हो रहा है। ट्रायल्स दिग्विजय स्टेडियम और रेवाड़ीह स्थित सर्वज्ञ राव बास्केटबॉल अकादमी में आयोजित किए जा रहे हैं। इसमें राजनांदगांव के पदक विजेता खिलाड़ियों के साथ-साथ देश भर के चुनिंदा होनहार खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। बास्केटबॉल प्रतिभा की खोज के लिए विशेष दौरा इस प्रवास का मुख्य उद्देश्य ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित 'एडिलेड लाइटनिंग' टीम के लिए भारत से सर्वश्रेष्ठ बास्केटबॉल प्रतिभाओं की खोज करना है। टीम के ओनर मोहन पेंग कू, जनरल मैनेजर व ओलंपियन टेस्स मेडगेन, विनोद एस. नायर, शरणी रए इन्न और लिना ज़हे एन इस उद्देश्य से भारत आए हैं। टेस्स और उनकी टीम इस शिविर के माध्यम से अपनी महिला नेशनल लीग टीम और डेवलपमेंट टीम के लिए देश की सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ियों का चयन करने का प्रयास करेगी। नायर ने खिलाड़ियों को सिखाए एडवांस बास्केटबॉल मूव्स ऑस्ट्रेलिया से आए विनोद एस. नायर ने मैदान पर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने स्थानीय खिलाड़ियों को बास्केटबॉल के 'एडवांस मूव्स' की बारीकियां सिखाईं और उनका अभ्यास भी कराया। टेस्स मेडगेन ने राजनांदगांव के खिलाड़ियों के कौशल की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, "राजनांदगांव जैसे शहर में बास्केटबॉल खेल की अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मौजूद हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर के कोच कलवा राजेश्वर राव और कलवा राधा राव की कड़ी मेहनत के कारण ही राजनांदगांव को 'बास्केटबॉल की नर्सरी' के नाम से जाना जाता है।" उन्होंने आगे कहा, "आज की ट्रेनिंग में यहां के बच्चों का कौशल देखकर यह स्पष्ट है कि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन क्यों कर रहे हैं।" विनोद नायर ने भी शहर के खेल माहौल की तारीफ करते हुए कहा कि राजनांदगांव में देश का असली 'बास्केटबॉल टैलेंट पूल' मौजूद है, यही वजह है कि यहां के बच्चे लगातार पदक जीत रहे हैं। इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन के कारण ही ऑस्ट्रेलियाई नेशनल लीग की इस प्रतिष्ठित टीम ने भारत में अपने पहले प्रवास के लिए राजनांदगांव को चुना। ​खेल प्रेमियों और बच्चों में भारी उत्साह, गरिमामय उपस्थिति ​ओलंपिक स्तर के दिग्गज खिलाड़ियों को अपने बीच पाकर राजनांदगांव के युवा खिलाड़ियों और बच्चों में जबरदस्त उत्साह का माहौल है। दिग्विजय स्टेडियम में नियमित ट्रेनिंग लेने वाले नन्हे खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों ने इस पल को शहर के लिए बेहद गौरवशाली बताया। ​इस ऐतिहासिक अवसर पर दिल्ली पब्लिक स्कूल के संचालक सुनील गोलछा, जितेंद्र सिंह, अमित, तीरथ गोस्वामी, राहुल पाण्डेय, राजेश सिंह, विजय रामा राजू, आशीष चलापुरम, डोरीन नजारेठ, बाजीराव, सतीश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, कोच, खिलाड़ी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।