समाचार · झारखंड
Chatra: ट्रिपल लोड बाइक सवार ने 5 साल के मासूम को रौंदा, बच्चे की मौत

दीनबंधू/मो० तसलीम
Chatra: सदर थाना क्षेत्र के चंगेर गांव में सोमवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच वर्षीय मासूम की मौत हो गई. तेज रफ्तार बाइक (जेएच 24 जे 3695) की चपेट में आने से सत्यम कुमार (5 वर्ष), पिता अरुण राम को गंभीर चोटें लगी. उसे आनन-फानन में सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया. जानकारी के अनुसार बाइक पर तीन युवक सवार थे और वे चतरा से पत्थलगड्डा की ओर जा रहे थे. इस दौरान सड़क किनारे खड़े सत्यम कुमार को बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी.
ग्रामीणों ने बाइक सवार दो लोगों को पकड़ा
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घटना के बाद ग्रामीणों ने बाइक चालक सहित एक युवक को पकड़ लिया, जबकि तीसरा युवक मौके से फरार हो गया. ग्रामीणों ने इसकी सूचना सदर थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. ग्रामीणों ने पकड़े गए दोनों युवकों व दुर्घटनाग्रस्त बाइक को पुलिस को सौंप दिया. साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में रखा गया है.
इकलौते पुत्र की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक सत्यम कुमार अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था. उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. घटना के बाद मृतक के परिजनों व ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा व सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.
ये भी पढ़ें…
चतरा पुलिस ने दो दिन में सुलझाया सेलवार गांव का ब्लाइंड मर्डर केस, मृतक के भाई-भाभी समेत चार गिरफ्तार
चतरा पुलिस की कार्रवाई, 21.10 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार