समाचार · मध्य प्रदेश
नीमच के मनासा में घर के बाहर से ट्रैक्टर चोरी:बुआई मशीन समेत ले भागे दो बदमाश, सीसीटीवी आया सामने
नीमच जिले के मनासा थाना क्षेत्र के ग्राम भाटखेड़ी में जमुनिया रावजी रोड पर शेषावतार मंदिर के सामने घर के बाहर खड़ा एक महिंद्रा 575 ट्रैक्टर चोर ले गए। खास बात यह है कि इस ट्रैक्टर में बुआई मशीन भी जुड़ी हुई थी। पीड़ित किसान गोविंद (पिता राधेश्याम पाटीदार) ने बताया कि उन्होंने रोज की तरह रात को अपना ट्रैक्टर-बुआई मशीन घर के बाहर खड़ा किया था। सोमवार सुबह जब वे सोकर उठे और बाहर आए, तो ट्रैक्टर वहां से गायब था। उन्होंने अपने घरवालों के साथ आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो तुरंत मनासा पुलिस को इसकी सूचना दी। सीसीटीवी में कैद हुए चोर, कच्चे रास्ते से भागे चोरी की खबर मिलते ही मनासा डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सोमवार शाम को पुलिस के हाथ एक सीसीटीवी फुटेज लगा, जिसने चोरी का पूरा राज खोल दिया। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि रात के करीब 1 बजकर 15 मिनट पर दो चोर ट्रैक्टर के पास आते हैं। वे ट्रैक्टर को स्टार्ट करते हैं और फिर हाईवे या मुख्य सड़क के बजाय कच्चे रास्ते से होते हुए अल्हेड रोड की तरफ भाग निकलते हैं। गश्त नहीं होने का उठाया फायदा मोहल्ले के लोगों का कहना है कि आमतौर पर नयापुरा और जमुनिया रावजी रोड पर गांव के ही युवा सुरक्षा के लिहाज से रात में गश्त लगाते हैं। लेकिन रविवार की रात किसी वजह से युवा गश्त पर नहीं थे, और चोरों ने इसी बात का फायदा उठाकर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। मनासा थाना पुलिस ने चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है, उन्हें जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।