समाचार · हरियाणा
सिरसा में किसान संघर्ष समिति की बैठक, मांगों पर रोष:सीएम का पुतला फूंका, 10 जुलाई को डीसी को सौंपेंगे मांगपत्र
सिरसा जिले के चोपटा में पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता ब्लॉक प्रधान मुकेश चाहरवाला ने की। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष मनदीप नथवान सहित कई पदाधिकारी और किसान मौजूद रहे। बैठक में निर्णय लिया गया कि सिरसा जिले की विभिन्न किसान समस्याओं को लेकर 10 जुलाई को भगत सिंह स्टेडियम में बड़ी संख्या में किसान एकत्रित होंगे। वे जिला उपायुक्त (डीसी) के माध्यम से सरकार को ज्ञापन सौंपेंगे। इस दौरान किसानों ने सीएम नायब सैनी का पुतला भी फूंका। पानी की निकासी के स्थायी प्रबंध न होने पर चिंता जताई बैठक में किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याओं पर रोष व्यक्त किया। किसान बलराम सहारण ने कहा कि सेम से बचाव के लिए लगे अधिकतर ट्यूबवेल बंद पड़े हैं, जिनका समाधान होना चाहिए। दिवान सिंह सहारण ने घग्गर ड्रेन से पानी की निकासी के स्थायी प्रबंध न होने पर चिंता जताई, खासकर बरसात का मौसम शुरू होने से पहले। ब्लॉक प्रधान मुकेश बेनीवाल ने बताया कि शाहपुरिया गांव के किसानों को अभी तक फसल बीमा क्लेम नहीं मिला है और सरकार आपत्तियां लगाकर उन्हें उनके अधिकार से वंचित कर रही है। चैनत गांव के धरने का किया समर्थन जिला प्रधान सतीश बेनीवाल ने चैनत गांव में पीने के पानी की मांग को लेकर पिछले 40 दिनों से चल रहे किसानों और ग्रामीणों के धरने का समर्थन किया। संगठन ने इस मुद्दे पर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराते हुए मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं का स्थायी समाधान होने तक संगठन अपना संघर्ष जारी रखेगा। इस अवसर पर रोहतास पुनिया, संदीप कासनियां, धर्मवीर श्योराण, हंसराज मातुवाला, विकास कुमार, मुकेश सहारण, विकास खेतलान और जोगीवाला सहित चोपटा गांव के कई किसान उपस्थित रहे। बैठक के दौरान कई नए साथियों ने पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति की नीतियों पर विश्वास जताते हुए संगठन की सदस्यता ग्रहण की। संगठन ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके जुड़ने से किसानों के अधिकारों की लड़ाई और अधिक मजबूत होगी।