Tuesday, 30 June 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

आवासीय विद्यालयों में भोजन और पेयजल में लापरवाही मिली तो होगी कार्रवाई : धनबाद डीसी ने चेताया

INT News29 June 2026 at 10:27 pm

Dhanbad: गढ़वा जिले के खरौंधी स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में दूषित भोजन और पानी से छात्राओं के बीमार होने की घटना के बाद धनबाद जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है. राज्य सरकार के निर्देश पर डीसी आदित्य रंजन ने सोमवार को जिले के सभी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों और झारखंड बालिका आवासीय विद्यालयों में विशेष निरीक्षण अभियान चलाने का निर्देश दिया. इसके तहत सोमवार को विभिन्न विद्यालयों में व्यापक जांच की गई.

राशन से लेकर मशालों तक की हुई जांच

निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर, कक्षाओं, रसोईघर, भंडार कक्ष तथा रसोइयों की व्यक्तिगत स्वच्छता की जांच की गई. अधिकारियों ने भोजन तैयार करने से लेकर छात्राओं को परोसने तक साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए. स्टोर में रखे चावल, दाल, तेल, मसाले और अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, पैकिंग और एक्सपायरी डेट की भी जांच की गई. उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि घटिया या एक्सपायर खाद्य सामग्री मिलने पर संबंधित वेंडर और विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

पेयजल की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी

उपायुक्त ने सभी आवासीय विद्यालयों में चापाकल, जलमीनार और आरओ सिस्टम की तत्काल सफाई कराने, पेयजल स्रोतों की नियमित ब्लीचिंग कराने तथा पानी के नमूनों की प्रयोगशाला जांच कराने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि छात्राओं को हर हाल में सुरक्षित और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए. निरीक्षण के दौरान रसोईघर की साफ-सफाई, ड्रेनेज व्यवस्था और बर्तनों की स्वच्छता का भी जायजा लिया गया. रसोइयों को साफ कपड़े और हेडकैप पहनने, भोजन को ढककर रखने तथा निर्धारित मेन्यू के अनुसार ताजा, गर्म और पौष्टिक भोजन परोसने का निर्देश दिया गया. बासी भोजन पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने को कहा गया.

नियमित औचक निरीक्षण के निर्देश

उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि आवासीय विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा. उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को नियमित औचक निरीक्षण करने का निर्देश देते हुए कहा कि भोजन या पेयजल की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार वेंडर, विद्यालय प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें…

धनबाद के पीजी लॉज में कथित देह व्यापार का धंधा, पुलिस पहुंचने से पहले युवक-युवती मौके से फरार

एसआईआर में सख्ती, इन 5 कैटेगरी के लोगों का कटेगा ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से नाम