समाचार · छत्तीसगढ़
पुजारीकांकेर पहुंची 108 एम्बुलेंस, युवक की बची जान:दलदली रास्तों से पार कर नक्सल प्रभावित क्षेत्र में मिली मदद
बीजापुर के उसूर ब्लॉक स्थित पुजारीकांकेर में 108 एम्बुलेंस ने दलदली और दुर्गम रास्तों को पार कर एक घायल युवक की जान बचाई। यह क्षेत्र कभी नक्सल प्रभावित होने के कारण स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच से दूर था, लेकिन अब यहां बदलाव दिख रहा है। जानकारी के अनुसार, उसूर ब्लॉक के सिंगनपल्ली गांव निवासी हदमा पोडियाम (31 वर्ष) पेड़ से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सिंगनपल्ली गांव पुजारीकांकेर से लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित है। घटना की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस की टीम तत्काल दुर्गम और दलदली मार्ग पार करते हुए गांव पहुंची। 108 एम्बुलेंस के इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (EMT) और पायलट ने विपरीत परिस्थितियों में घायल हदमा पोडियाम को सुरक्षित एम्बुलेंस तक पहुंचाया। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल बीजापुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज जगदलपुर रेफर कर दिया गया। यह घटना बीजापुर में बदलती तस्वीर को दर्शाती है। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने और नक्सल प्रभाव कम होने के कारण अब स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सेवाएं भी दूरस्थ गांवों तक पहुंच पा रही हैं।