Tuesday, 30 June 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

सूरजपुर में जुआ फड़ पर पुलिस की दबिश:दो गिरफ्तार, नकदी, बाइक समेत 1.08 लाख का सामान जब्त

INT News29 June 2026 at 10:48 pm

सूरजपुर पुलिस ने ग्राम नयनपुर के बासबाड़ी क्षेत्र में संचालित जुआ फड़ पर दबिश दी है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया, जबकि कुछ अन्य मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 1,08,335 रुपए मूल्य की संपत्ति जब्त की है, जिसमें नकदी, दो मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन शामिल है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर जिले में अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। सूरजपुर में जुआ खेलते दो आरोपी पकड़े गए पुलिस को 28 जून को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम नयनपुर के बासबाड़ी क्षेत्र में कुछ लोग सार्वजनिक स्थान पर ताश के पत्तों से हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद थाना सूरजपुर पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों को साथ लेकर मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कुछ आरोपी भागने में सफल रहे। हालांकि, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए देवराम राजवाड़े (30), निवासी भिरवगंज, जिला सूरजपुर, और हितेश कुमार साहू (30), निवासी जयनगर, जिला कोरिया को मौके से पकड़ लिया। जुआरियों से नकदी और मोबाइल बरामद कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से 51,335 रुपए नकद, एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल (CG-15-CJ-2165), एक बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1,08,335 रुपए बताई गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ के बाद मामला जमानती होने की वजह से, जमानतदार पेश करने पर दोनों को मुचलके पर रिहा कर दिया गया। सूरजपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर कहीं जुआ, सट्टा, अवैध शराब या किसी भी तरह की अवैध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को बताएं। सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।