Sunday, 20 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

मजदूरों से भरी ट्रॉली में ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर:6 साल की बच्ची समेत 2 की मौत, युवती के दोनों पैर कटे; काम खत्म कर लौट रहे थे 19 मजदूर

INT News20 September 2026 at 01:56 pm

मंदसौर के दलोदा थाना क्षेत्र में लखमा खेड़ी फंटे के पास शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 12:15 बजे मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में ट्रॉली सवार 6 साल की बच्ची और 45 साल की महिला की मौके पर ही मौत हो गई। कई मजदूर घायल हुए हैं। इनमें 18 साल की युवती के दोनों पैर नीचे से कट गए, जबकि तीन अन्य गंभीर घायलों को रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम किया है और ट्रक व चालक की तलाश शुरू कर दी है। रेलवे का काम खत्म कर उज्जैन जा रहे थे मजदूर घायल मजदूरों के मुताबिक, वे रतलाम जिले के रावटी और आसपास के गांवों के रहने वाले हैं। सभी मंदसौर में रेलवे के काम में मजदूरी कर रहे थे। शनिवार रात करीब 11:30 बजे काम खत्म करने के बाद मजदूर ट्रैक्टर-ट्रॉली से उज्जैन के लिए निकले थे। लखमा खेड़ी फंटे के पास पीछे से आए ट्रक ने ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से ट्रॉली पलट गई और उसमें बैठे मजदूर सड़क पर जा गिरे। उनका सामान भी सड़क पर बिखर गया। अपर कलेक्टर एकता जायसवाल ने बताया कि सूचना रात करीब 12:30 बजे मिली थी। मौके पर पहुंचने के बाद पता चला कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में रेलवे के मजदूर उज्जैन जा रहे थे। उनके अनुसार ट्रॉली में करीब 20 लोग सवार थे। 18 साल की युवती के दोनों पैर कटे हादसे में कल्पना पिता विनोद भील (18), निवासी रानीसिंह, गंभीर रूप से घायल हुई हैं। उनके दोनों पैर नीचे से कट गए। उन्हें रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। इसके अलावा 4 साल के बच्चे और 8 साल के बच्चे के पैरों में फ्रैक्चर हुआ है। दोनों को भी रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा गया। जिला अस्पताल में भर्ती चंचल पिता संजय भील (18) के पैर में फ्रैक्चर के साथ सिर, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट आई है। नीरू पिता तेर सिंह भील (14) की कमर में फ्रैक्चर है। शंकर पिता गलिया भील (26), सविता पति राहुल भील (20) और सोनू पति अब्बू लाल भील (28) का भी जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। अन्य घायलों में राहुल (23), सुरपाल (15), लीला (26), आशा (5), गोपाल (18), मनीष (19), पूजा (10), करण (7) और पप्पूडी (30) शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद इन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। दो मजदूरों की मौत मृतकों की पहचान रतलाम जिले के रावटी थाना क्षेत्र के ग्राम लासिया निवासी बसंती पति पेरू भील (45) और ग्राम मोटूका निवासी 6 वर्षीय बच्ची के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराया है। हादसे में शवों को गंभीर चोटें आई थीं। रात 2 बजे अस्पताल पहुंचीं अपर कलेक्टर हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया। अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, एसडीएम, तहसीलदार और दलोदा थाना प्रभारी समेत अधिकारी मौके पर पहुंचे। अपर कलेक्टर रात करीब 2 बजे जिला अस्पताल पहुंचीं और घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। उन्होंने गंभीर घायलों के इलाज को लेकर डॉक्टरों से चर्चा की। प्रशासन ने घायलों को जरूरी उपचार उपलब्ध कराने की बात कही है। ट्रक और चालक की तलाश दलोदा थाना प्रभारी रविंद्र प्रताप डांगी ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ट्रक और चालक की तलाश कर रही है। दो लोगों की मौत के मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। मजदूर बोले- काम खत्म कर उज्जैन जा रहे थे घायल राहुल ने बताया कि वे सभी मंदसौर में रेलवे के काम के लिए मजदूरी करने आए थे। शनिवार रात काम खत्म करने के बाद उज्जैन जा रहे थे। दलोदा के पास पीछे से आए ट्रक ने ट्रॉली को टक्कर मार दी। हादसे में उनकी पत्नी समेत कई लोग घायल हो गए। घायल चंचल और सोनू ने भी बताया कि वे रतलाम जिले के रावटी क्षेत्र के रहने वाले हैं। कुछ मजदूर करीब एक साल से मंदसौर में काम कर रहे थे, जबकि कुछ 4-5 महीने और कुछ करीब एक महीने पहले यहां आए थे। मजदूरों के अनुसार, अधिकांश लोग आपस में रिश्तेदार हैं।