समाचार · पंजाब
पठानकोट में रावी नदी किनारे मिला व्यक्ति का शव:मृतक की पहचान नहीं हो सकी, पुलिस ने गांव के लोगों से की पूछताछ
पठानकोट के हलका भोआ के बनी लोधी गांव के पास रावी नदी किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को इसकी जानकारी दी। मौके पर मौजूद पूर्व सरपंच नायब राजेश कुमार ने बताया कि स्थानीय लोगों ने नदी किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा था। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने ग्रामीणों से की पूछताछ पुलिस ने आसपास के इलाके की भी जांच की और ग्रामीणों से पूछताछ की। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी पहचान कराने के प्रयास कर रही है। इसके लिए आसपास के गांवों में भी जानकारी जुटाई जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कहीं किसी व्यक्ति के लापता होने की शिकायत तो दर्ज नहीं है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। शव की पहचान होने के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आने की संभावना है।