समाचार · छत्तीसगढ़
रायपुर के गुढ़ियारी थाने में कांग्रेस का प्रदर्शन:भाजयुमो नेताओं की गिरफ्तारी की मांग, टीआई के चेंबर में तोड़फोड़ का आरोप
रायपुर के गुढ़ियारी थाने में भाजयुमो नेताओं के हंगामे और टीआई के चेंबर में तोड़फोड़ के आरोप के बाद बुधवार को कांग्रेस ने थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने घटना में शामिल भाजयुमो नेताओं की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की। इस प्रदर्शन में कांग्रेस जिला अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, पंकज शर्मा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। टीआई के चेंबर में हुई थी तोड़फोड़ पुलिस के मुताबिक मंगलवार को दोपहर निर्धारित समय के बाद नियम विरुद्ध डीजे बजाने पर कार्रवाई की जा रही थी। इसी कार्रवाई को रुकवाने और संबंधित व्यक्ति को छुड़ाने के लिए भाजयुमो नेता थाने पहुंचे थे। पुलिस का कहना है कि बातचीत के बाद पहले प्रदर्शन किया गया। इसके बाद मामला बढ़ा और टीआई के चेंबर में तोड़फोड़ की गई। घटना के बाद पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा और तोड़फोड़ के आरोप में 7 से ज्यादा लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। कांग्रेस ने पूछा- आरोपी थाने से बाहर कैसे गए? प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि जब थाना परिसर में पुलिस अधिकारियों के सामने तोड़फोड़ की गई, तो एफआईआर के बाद आरोपी थाने से बाहर कैसे चले गए? कांग्रेस ने मामले में सभी आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी करने की मांग की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने डिप्टी CM और कमिश्नर से इस्तीफा मांगा कांग्रेस जिला अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने घटना को लेकर डिप्टी सीएम और रायपुर पुलिस कमिश्नर से इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि थाना परिसर में पुलिस के काम में दखल और तोड़फोड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।