समाचार · मध्य प्रदेश
युवाओं को सनातन से जोड़ने 20 सितंबर से जन-जागृति-यात्रा:विजयागंज मंडी से शुरू होकर देवास के कैलादेवी मंदिर पहुंचेगी
देवास में युवाओं को सनातन संस्कृति से जोड़ने, सामाजिक जागरूकता बढ़ाने और जातिगत भेदभाव खत्म कर सामाजिक एकता का संदेश देने के लिए 20 सितंबर को जन जागृति सनातन यात्रा निकाली जाएगी। अखिल भारतीय सनातन परिषद के तहत संस्था राम राम की ओर से आयोजित यात्रा का नेतृत्व हिन्दूवीर शैलेन्द्र सिंह पवार करेंगे। यात्रा सुबह 10 बजे विजयागंज मंडी से शुरू होकर जिले के विभिन्न गांवों से होते हुए देवास के कैलादेवी मंदिर पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा। गांव-गांव बैठक कर युवाओं से जुड़ने की अपील यात्रा की तैयारियों और उद्देश्य को लेकर बुधवार को विकास नगर स्थित एक निजी गार्डन में प्रेसवार्ता हुई। इसमें परिषद के संभाग अध्यक्ष योगी महावीर महाराज, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव खण्डेलवाल, पूर्व देविप्रा अध्यक्ष राजेश यादव सहित संस्था के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। योगी महावीर महाराज ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को सनातन संस्कृति और उसके मूल विचारों से जोड़ना जरूरी है। इसी उद्देश्य से जन जागृति सनातन यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने बताया कि यात्रा के लिए समिति बनाई गई है। समिति के सदस्य गांव-गांव बैठकें कर युवाओं को यात्रा में शामिल होने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। जातिगत भेदभाव खत्म कर एकजुट करने का संदेश हिन्दूवीर शैलेन्द्र सिंह पवार ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य हिंदू समाज और युवाओं को मजबूत व एकजुट करना है। उन्होंने कहा कि समाज में जात-पात के नाम पर होने वाले बंटवारे को खत्म कर सभी को एक साथ लाने की जरूरत है। बढ़ते जातिगत बंटवारे और आपसी विरोध के बीच समाज के लोगों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है। संस्था के कार्यकर्ता अलग-अलग गांवों में बैठकें कर युवाओं और समाज के लोगों को यात्रा के उद्देश्य और कार्यक्रम की जानकारी दे रहे हैं। साथ ही अधिक से अधिक लोगों से यात्रा में शामिल होने की अपील की जा रही है। विजयागंज मंडी से कैलादेवी मंदिर तक रहेगा यात्रा का रूट संस्था राम राम के नीरज वर्मा ने बताया कि 20 सितंबर को सुबह 10 बजे विजयागंज मंडी से यात्रा का शुभारंभ होगा। इसके बाद यात्रा जिले के विभिन्न गांवों से होते हुए मक्सी बायपास के रास्ते देवास में प्रवेश करेगी। देवास में यात्रा भोपाल चौराहा, सयाजी द्वार और एबी रोड होते हुए कैलादेवी मंदिर पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा। प्रेसवार्ता का संचालन अजय तोमर ने किया। इस अवसर पर संस्था के सदस्य और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।