समाचार · पंजाब
पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें:पूर्व केंद्रीय मंत्री को थप्पड़ मारा; CM की पत्नी ने सांसद समेत 3 पर केस किया; कॉलेज में लहराए हथियार, सिंगर पर FIR
नमस्कार, पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर पूर्व केंद्रीय मंत्री व सीनियर भाजपा नेता विजय सांपला पर हमले से जुड़ी रही। उन पर माइक मारा गया, जिससे नाक से खून बहने लगा। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें… इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. पूर्व केंद्रीय मंत्री पर माइक मारा, नाक से खून निकला होशियारपुर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के अपमान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा और बसपा कार्यकर्ता भिड़ गए। मौके पर पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला पर हमला कर दिया गया। बसपा कार्यकर्ता ने उनके मुंह पर माइक मार दिया। सांपला की नाक के पास से खून निकला और गर्दन पर खरोंचें आईं। प्रतिमा को मंगलवार तड़के पत्थर मारकर क्षतिग्रस्त किया गया था। पुलिस के अनुसार, प्रतिमा के चेहरे और हाथ की उंगली को नुकसान पहुंचाया गया है। इसी के विरोध में प्रदर्शन चल रहा था। बुधवार सुबह 11 बजे सांपला, भाजपा SC मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शीतल अंगुराल और जिला अध्यक्ष नीतिन गुप्ता नन्नू मौके पर पहुंचे। माइक को लेकर विवाद के बाद एक युवक ने सांपला पर हमला किया और दीवार फांदकर फरार हो गया। अंगुराल और नन्नू से भी झड़प हुई। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग किया (पढ़ें पूरी खबर) 2. CM की पत्नी ने 3 नेताओं पर मानहानि केस किया CM भगवंत मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर ने चंडीगढ़ कोर्ट में 3 नेताओं के खिलाफ मानहानि का केस दायर किया है। इन नेताओं में अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया, हरसिमरत कौर बादल और कांग्रेस नेता सुखपाल सिंह खैहरा का नाम शामिल है। डॉ. गुरप्रीत का कहना है कि इन तीनों ने उन पर झूठे और बेबुनियाद आरोप लगाकर उनकी छवि, चरित्र और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया। डॉ. गुरप्रीत कौर के मुताबिक, तीनों नेताओं ने उन्हें निशाना बनाकर रेप के आरोपी की मदद करने वाली के रूप में पेश किया, जिससे उनकी पहचान और सम्मान को ठेस पहुंची। उन्होंने पहले 24 घंटे में माफी मांगने का नोटिस भेजा था, लेकिन माफी नहीं मांगी गई। खैहरा ने नोटिस फाड़ दिया था। शिकायत बीएनएस की धारा 356 से जुड़ी है। जिसमें 2 साल तक कैद की सजा हो सकती है। (पढ़ें पूरी खबर) 3. गुलजार सुसाइड केस, HC ने मांगी रिपोर्ट संगरूर के गुलजार सिंह सुसाइड केस में पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार से स्टेटस रिपोर्ट मांगी है। CBI जांच की मांग वाली PIL पर सुनवाई के दौरान कोर्ट ने पूछा कि मंत्री हरपाल चीमा को आरोपी कैसे बनाया जा सकता है। याचिकाकर्ता ने चीमा को आरोपी बनाने की मांग की थी। कोर्ट ने नोटिस जारी करने से इनकार करते हुए राज्य सरकार को निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अगली सुनवाई 6 अक्टूबर को होगी। गुलजार सिंह ने 6 सितंबर को मंत्री चीमा के सामने गांव में बिक रहे चिट्टे और अपने बेटे के नशे का मुद्दा उठाया था। परिवार का आरोप है कि इसके बाद सरपंच और अन्य लोगों ने उस पर माफी मांगने का दबाव बनाया और धमकाया। 7 सितंबर को गुलजार ने जहरीली चीज निगल ली। इलाज के दौरान DMC लुधियाना में उसकी मौत हो गई। चीमा ने कहा कि भाजपा-कांग्रेस ने उनके खिलाफ साजिश की, जांच के बाद सबूत सामने रखेंगे। (पढ़ें पूरी खबर) 4. कॉलेज में लहराए हथियार, पुलिस ने दर्ज की FIR जालंधर के DAV कॉलेज में पंजाबी सिंगर निज्जर उर्फ हरिंदर पाल सिंह के नए गाने की शूटिंग को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि शूटिंग के दौरान निज्जर और उनके साथियों ने हथियार लहराए और गन कल्चर को प्रमोट किया। इसका वीडियो सामने आया तो पुलिस ने सिंगर निज्जर पर केस दर्ज कर लिया। कॉलेज के ही प्रोफेसर ने भी इसकी शिकायत की है। ADCP-1 मुख्तियार राय ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर केस दर्ज किया गया है। कॉलेज के प्रोफेसर मनदीप सिंह ने भी DC वरजीत वालिया और मैनेजमेंट को शिकायत भेजी थी। उन्होंने शूटिंग की अनुमति, कॉलेज को मिले पैसे, पुलिस क्लीयरेंस और हथियारों के वैरिफिकेशन की जांच की मांग की। प्रोफेसर ने प्रिंसिपल और गवर्निंग बॉडी को नोटिस जारी करने तथा फैक्ट फाइंडिंग कमेटी बनाने की मांग भी की है (पढ़ें पूरी खबर) 5. कनाडा स्टडी वीजा के लिए बढ़ा फंड कनाडा में स्टडी वीजा पर जाने वाले छात्रों को अब ज्यादा बैंक बैलेंस दिखाना होगा। IRCC ने 1 सितंबर 2026 से नए नियम लागू किए हैं। अकेले जाने वाले छात्र को ट्यूशन फीस और यात्रा खर्च के अलावा 23,448 कनाडाई डॉलर (करीब 17 लाख रुपए) का लिविंग एक्सपेंस फंड दिखाना होगा। पहले यह राशि करीब 15 लाख रुपए थी। 31 अगस्त तक आवेदन करने वालों पर नया नियम लागू नहीं होगा। परिवार के साथ जाने पर फंड बढ़ेगा। 2 सदस्यों के लिए 29,185 CAD (20.10 लाख), 3 के लिए 35,880 CAD (24.74 लाख) और 4 सदस्यों के लिए 43,562 CAD (30.04 लाख) दिखाने होंगे। हर अतिरिक्त सदस्य पर 6,315 CAD (4.35 लाख) और जोड़ने होंगे। ये नियम क्यूबेक को छोड़कर पूरे कनाडा में लागू हैं। IRCC के मुताबिक, महंगाई और बढ़ते रहने-खाने के खर्च को देखते हुए फंड सीमा बढ़ाई गई है (पढ़ें पूरी खबर) 6. PU हॉस्टल के बाहर छात्रों में मारपीट चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी के हॉस्टल नंबर-2 के बाहर सोमवार रात छात्रों के दो गुटों में करीब 2 घंटे तक मारपीट हुई। लात-घूंसे चलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को खदेड़कर अलग किया। घटना के वीडियो में छात्र सड़क पर भागते और पुलिस उन्हें पकड़कर PCR वैन में बैठाते दिख रही है। कुछ छात्र पुलिस के सामने भी भिड़ने की कोशिश करते नजर आए। DSP एसपीएस सोंधी के मुताबिक, सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची थी। पुलिस ने कुछ छात्रों को हिरासत में लिया, क्योंकि चेतावनी के बावजूद वे झगड़ रहे थे। हालांकि, किसी गुट ने शिकायत नहीं दी, इसलिए कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। एहतियातन हॉस्टल की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एक वीडियो में हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा का ‘2 खटोला’ गाना बज रहा है (पढ़ें पूरी खबर) 7. मां को ‘आई एम सॉरी’ कह बेटी ने सुसाइड किया लुधियाना में अमृतसर की शमीना उर्फ शमा ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मौत से पहले उसने मां को 1 मिनट 20 सेकेंड का वीडियो भेजा, जिसमें पति अजय मेहरा, ताई सास सत्या और उसकी बहू रिंपी को जिम्मेदार ठहराया। मां लक्ष्मी के मुताबिक, शमीना की शादी 11 साल पहले अजय से हुई थी। आरोप है कि अजय नशे का आदी था, काम नहीं करता था और पत्नी की कमाई छीनकर नशा करता था। परिवार ने अजय को नशा छुड़ाओ केंद्र में भर्ती कराया था, लेकिन वह वहां से भाग आया। मां के अनुसार, एक दिन पहले भी अजय ने शमीना से मारपीट की थी और धमकी दी थी। 13 सितंबर की रात 8:27 बजे शमीना ने मां को आखिरी वीडियो भेजा। फोन नहीं उठने पर पति ने खुद सास को आत्महत्या की सूचना दी और फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी अजय गिरफ्तार है (पढ़ें पूरी खबर) 8. शहजाद भट्टी नेटवर्क आतंकी संगठन घोषित गृह मंत्रालय ने शहजाद भट्टी नेटवर्क को UAPA के तहत आतंकवादी संगठन घोषित किया है। मंत्रालय के अनुसार, नेटवर्क हथियार, विस्फोटक और ड्रग्स की तस्करी के साथ युवाओं और छोटे अपराधियों को आतंकवाद की ओर उकसाने में शामिल था। इसके खिलाफ UAPA, BNS, आर्म्स एक्ट, NDPS एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत 80 से ज्यादा FIR दर्ज हैं। अगस्त में सुरक्षा एजेंसियों ने 14 राज्यों में कार्रवाई कर 253 लोगों को हिरासत में लिया था और 200 से ज्यादा गिरफ्तारियां दर्ज हुई थीं। कार्रवाई में IED, पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री की मार्किंग वाले ग्रेनेड, पिस्तौल, जिंदा कारतूस और जासूसी के लिए इस्तेमाल CCTV कैमरे बरामद किए गए। गृह मंत्रालय के मुताबिक, नेटवर्क भारत में ग्रेनेड, IED और पेट्रोल बम हमलों तथा टारगेट किलिंग से जुड़ा था। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, शहजाद भट्टी पाकिस्तान स्थित और ISI समर्थित नेटवर्क है। (पढ़ें पूरी खबर) 9. पंजाबी महिला पर आरोप- न्यूड वीडियो कॉल करती थी कपूरथला की सरबजीत कौर के पाकिस्तानी पति नासिर हुसैन की पहली पत्नी सायमा हुसैन ने लाहौर फैमिली कोर्ट में बयान दर्ज कराया। सायमा ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान आने से पहले नासिर और सिख जत्थे के साथ पाकिस्तान गई सरबजीत के बीच अवैध संबंध थे। दोनों न्यूड होकर वीडियो कॉल करते थे। साइमा ने कहा कि निकाहनामे में नासिर ने दूसरी शादी के लिए पहली पत्नी की अनुमति का जिक्र किया, जबकि उन्होंने कोई मंजूरी नहीं दी थी। सायमा ने नासिर को कोर्ट में बुलाकर दूसरी शादी की अनुमति और आर्बिट्रेशन काउंसिल की प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेज पेश कराने की मांग की। उनके वकील के मुताबिक, पाकिस्तान के मुस्लिम फैमिली लॉज ऑर्डिनेंस की धारा 6(5) के तहत दूसरी शादी के लिए अनुमति जरूरी है। सायमा ने नासिर पर घर कब्जाने और उन्हें चार बच्चों समेत निकालने का भी आरोप लगाया। मामले की अगली सुनवाई 6 अक्टूबर को होगी (पढ़ें पूरी खबर) खबर जरा हटके… 10. पुलिस थानों में बजेंगे गुरबाणी और भजन लुधियाना के खन्ना पुलिस जिले की हवालातों में अब गुरबाणी, भजन समेत अलग-अलग धर्मों का संगीत बजेगा। खन्ना की SSP डॉ. दर्पण आहलूवालिया की पहल पर ‘साउंड ऑफ होप’ शुरू की गई है। इसके तहत 8 थानों और एक CIA यूनिट समेत 9 हवालातों के बाहर स्पीकर लगाए गए हैं। इनमें धीमी आवाज में संगीत बजेगा। इसका मकसद हिरासत में बंद आरोपियों का तनाव कम करना और उन्हें आत्मचिंतन की ओर प्रेरित करना है। SSP ने थाना प्रभारियों को वॉल्यूम धीमा रखने की हिदायत दी है, ताकि आसपास का माहौल भी प्रभावित न हो। डॉ. आहलूवालिया ने बताया कि पंजाब-हरियाणा सिविल सचिवालय की लिफ्ट में शबद सुनने के बाद उन्हें यह विचार आया। उनका मानना है कि अगर कुछ पल का आध्यात्मिक संगीत मन को सुकून दे सकता है, तो हवालात में बंद लोगों को भी इससे राहत मिल सकती है। (पढ़ें पूरी खबर) (कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)