समाचार · मध्य प्रदेश
खिलचीपुर मंडी में जगह घेरने पर विवाद:पहले नंबर की होड़ में ट्रैक्टर लगाए, पुलिस ने रास्ते से हटवाए
राजगढ़ की खिलचीपुर कृषि उपज मंडी में सोयाबीन की बंपर आवक के बीच पहले नंबर पर नीलामी में शामिल होने की होड़ विवाद का कारण बन रही है। मंगलवार रात कुछ किसानों ने अपने ट्रैक्टर आड़े-तिरछे खड़े कर मंडी में जगह घेर ली। कुछ ने ट्रैक्टर और ट्रॉली अलग-अलग खड़ी कर उनके बीच रस्सी बांध दी। इससे दूसरे किसानों के लिए वाहन खड़े करने की जगह नहीं बची। परेशान किसानों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर सीधे करवाए और रस्सियां खुलवाकर जगह खाली कराई। रात में ही ट्रैक्टर लेकर पहुंच रहे किसान इन दिनों मंडी में सोयाबीन की बंपर आवक हो रही है। सुबह होने वाली नीलामी में पहले नंबर पर अपनी उपज बेचने के लिए किसान रात में ही ट्रैक्टर लेकर पहुंच जाते हैं। इसी होड़ में कुछ लोग अपने ट्रैक्टर आड़े खड़े कर आसपास की जगह घेर लेते हैं। इससे बाद में आने वाले किसानों को वाहन खड़े करने में परेशानी होती है। पैसे लेकर पहले नंबर पर जगह देने का आरोप सूत्रों के अनुसार, मंडी में जगह रोकने का यह तरीका लगातार अपनाया जा रहा है। आरोप है कि सुबह नीलामी के समय कुछ लोग पैसे लेकर ट्रैक्टरों को पहले खड़ा करवाने की व्यवस्था भी करते हैं। मंगलवार रात जगह नहीं मिलने पर किसानों ने खिलचीपुर पुलिस को बुलाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रास्ता खुलवाया और ट्रैक्टर व्यवस्थित तरीके से खड़े करवाए, ताकि सभी किसानों को अपनी उपज नीलामी में लाने का मौका मिल सके।