national
Heavy Rain Warning: 7,8,9,10,11,12 और 13 जुलाई तक बहुत भारी बारिश, आंधी-तूफान का अलर्ट, मानसून का कहर

Heavy Rain Warning: मौसम विभाग के मुताबिक 7 से 12 जुलाई के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश की संभावना है. भारी बारिश की बात करें तो जम्मू-कश्मीर में 7 और 8 जुलाई, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 8 से 13 जुलाई के दौरान कई स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है. 7 से 12 जुलाई तक जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बारिश के साथ-साथ आंधी-तूफान, बिजली चमकने और 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं.
हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक 7 से 9 जुलाई के दौरान हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और दिल्ली में कई जगहों पर बारिश हो सकती है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 7 से 10 जुलाई और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 11 से 13 जुलाई तक जोरदार बारिश होने की संभावना है. वहीं, पूर्वी राजस्थान में 8 से 9 जुलाई के दौरान भारी बारिश और पश्चिमी राजस्थान में 7 से 13 जुलाई तक कुछ स्थानों पर बारिश का दौर जारी रह सकता है.
दिल्ली में झमाझम बारिश, रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी
दिल्ली में मंगलवार दोपहर के समय जोरदार बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. उत्तरी दिल्ली के कुछ हिस्सों में रेड अलर्ट के तहत कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश, आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और 70 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. आईएमडी के अनुसार, मंगलवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा. न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो जुलाई महीने में पिछले दो वर्षों का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान है.
मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ गरज-चमक के साथ बारिश
मध्य भारत के कई इलाकों में अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी मध्य प्रदेश में 7 से 9 जुलाई और पूर्वी मध्य प्रदेश में 7 से 11 जुलाई के दौरान भारी बारिश की संभावना है. विदर्भ में 7 से 9 और 13 जुलाई वहीं, छत्तीसगढ़ में 7 से 13 जुलाई को जोरदार बारिश के आसार हैं. भारी बारिश की बात करें तो पश्चिमी मध्य प्रदेश में 10 जुलाई, पूर्वी मध्य प्रदेश में 10 से 12 जुलाई, विदर्भ में 8 जुलाई और छत्तीसगढ़ में 7 जुलाई को हो सकती है. कई इलाकों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की भी आशंका है.
बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा में मानसून की जोरदार बारिश
उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 7 से 13 जुलाई तक लगातार बारिश हो सकती है. 8 जुलाई को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अत्यधिक भारी बारिश का भी अलर्ट है. बिहार में 7 और 10 जुलाई को कई इलाकों में बारिश की संभावना है. इसे जबकि 8 और 9 जुलाई को कुछ इलाकों में बहुत बारी बारिश हो सकती है. झारखंड में 7-8 और 10 से 13 जुलाई के दौरान कई जिलों में जोरदार बारिश की संभावना है. ओडिशा में पूरे सप्ताह छिटपुट बारिश होती रहेगी. भारी बारिश की बात करें तो उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 7 से 13 जुलाई के दौरान, झारखंड में 7 जुलाई और बिहार में 7, 8 और 11 जुलाई को हो सकती है. झारखंड में 7 से 11 जुलाई के दौरान आंधी-तूफान, बिजली और 40 से 50 किमी प्रति घंटा की तेज हवाएं चल सकती हैं.
पूर्वोत्तर भारत में कैसा रहेगा मौसम?
अरुणाचल प्रदेश में 7 से 11 जुलाई, असम और मेघालय में 7 से 12 जुलाई, नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा में पूरे सप्ताह व्यापक बारिश होने की संभावना है. 12 से 13 जुलाई के दौरान अरुणाचल प्रदेश और 13 जुलाई को असम और मेघालय में बारिश की तीव्रता में थोड़ी कमी आ सकती है. हालांकि पूर्वोत्तर भारत के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी.
गुजरात, कोंकण-गोवा, महाराष्ट्र में आफत की बरसात
मौसम विभाग के मुताबिक कोंकण और गोवा में 7 से 13 जुलाई तक कई इलाकों में बारिश जारी रहेगी. मध्य महाराष्ट्र में 7 से 8 जुलाई, गुजरात क्षेत्र में 7 से 9 जुलाई और सौराष्ट्र-कच्छ में 7 जुलाई को जोरदार बारिश हो सकती है. गुजरात, कोंकण-गोवा और मध्य महाराष्ट्र में 7 और 9 जुलाई को भारी बारिश की संभावना है, जबकि 8 जुलाई को कई स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. 7 जुलाई को कोंकण, मध्य महाराष्ट्र और गुजरात में कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है. गुजरात में 7 से 9 जुलाई के दौरान 50 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 70 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं. 10-11 जुलाई को गुजरात में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की भी संभावना है.
केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना में मध्यम से भारी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक केरल और माहे में 7 से 11 जुलाई और लक्षद्वीप और उत्तर आंतरिक कर्नाटक में 7 और 8 जुलाई के दौरान बारिश का दौर जारी रह सकता है. तटीय कर्नाटक में भी पूरे सप्ताह वर्षा जारी रहने की संभावना है. तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तेलंगाना में भी 7 से 13 जुलाई के दौरान कई स्थानों पर बारिश होगी. केरल, उत्तर आंतरिक कर्नाटक और तटीय कर्नाटक में 7 से 9 जुलाई के दौरान भारी बारिश की संभावना है. 8 जुलाई को तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में बहुत भारी बारिश हो सकती है. तटीय आंध्र प्रदेश, केरल, लक्षद्वीप, रायलसीमा और तेलंगाना में 7 से 10 जुलाई के दौरान गरज-चमक, बिजली और 40 से 50 किमी प्रति घंटा की तेज हवाएं चल सकती हैं.
वायनाड में रेड अलर्ट के बीच भूस्खलन
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने मंगलवार को केरल के वायनाड जिले में भारी बारिश के बीच रेड अलर्ट जारी किया. मनंतवाडी में 64 मिमी और वैथिरी में 123 मिमी बारिश दर्ज की गई. कल्लाडी सुरंग परियोजना स्थल पर मंगलवार को भूस्खलन हो गया. हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि सात लोग लापता हैं. आईएमडी ने कोझिकोड में रेड अलर्ट, जबकि मलप्पुरम, कन्नूर और कासरगोड में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
Also Read
Weather Forecast: दिल्ली में मूसलाधार बारिश, तपती गर्मी से मिली राहत Heavy Rain | IMD Weather Update
मानसून का कहर, अगले 48 घंटे इन राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक के साथ तूफानी हवा का अलर्ट