समाचार · मध्य प्रदेश
बाइक सवारों का रास्ता रोककर मारपीट और फायरिंग:गुना में युवक की जांघ में लगी थी गोली; 4 आरोपी गिरफ्तार
गुना जिले के कुंभराज इलाके में बाइक सवार 2 लोगों का रास्ता रोककर मारपीट और फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पहले दोनों से गाली-गलौज और मारपीट की। विरोध करने पर एक युवक पर गोली चला दी, जो उसकी जांघ में लगी थी। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी मोनू मीना के पास से वारदात में इस्तेमाल देशी कट्टा भी बरामद किया है। कुंभराज पुलिस के मुताबिक, ग्राम कानाखेड़ी निवासी मिथुन मीना ने सोमवार को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि रविवार रात वह और करन मीना बाइक से अपने भाई को लेने कुंभराज जा रहे थे। इसी दौरान कानाखेड़ी और तुलसीखेड़ी के बीच पुलिया पर रामजीवन मीना, सरोवर मीना, मोनू मीना, मेघराज मीना और गौरव मीना बंदूक लेकर खड़े मिले। आरोपियों ने उनकी बाइक रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी। मिथुन ने विरोध किया तो रामजीवन मीना ने जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। गोली करन मीना की जांघ में लगी, जिससे वह घायल हो गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर 4 आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने आरोपियों की तलाश में मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें मोनू उर्फ मोनल (28) और गौरव उर्फ गोवर्धन (33), दोनों निवासी ग्राम खेजड़ाबेहरा, थाना कुंभराज, सरोवर मीना (18), निवासी ग्राम तुलसीखेड़ी, थाना कुंभराज और मेघराज मीना (30), निवासी ग्राम काजरपुरा, थाना बापचा, जिला बारां (राजस्थान) शामिल हैं। पुलिस ने मोनू मीना के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल देशी कट्टा बरामद किया है। इसके बाद मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 भी जोड़ी गई। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।