Friday, 27 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

विधानसभा में 'माननीयों' की भाषावली निरंतर सवालों के घेरे में:हर बार की तरह फिर से सदन की कार्रवाई से हटाना पड़ा कई शब्दों को

INT News27 November 2026 at 07:57 am

हरियाणा विधानसभा के 26 नवंबर को आयोजित हुए एक दिवसीय विशेष सत्र के दौरान सत्ताधारी भाजपा व कांग्रेस विधायकों में सदन के अंदर कई मुद्दों पर तीखी बहस देखने को मिली। विधानसभा स्पीकर के बार बार निर्देशों के बावजूद भी ''माननीय जनता के नमाइंदों'' (विधायकों) द्वारा सदन में इस्तेमाल की जाने वाली भाषावली व शब्दों के चयन में सुधार देखने को नहीं मिल रहा। हर बार की तरह सदन में दोनों तरफ से कई विधायकों ने सामान्यत ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया जिनको सदन की गरिमा के अनुरुप न मानते हुए विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने सदन की कार्रवाई से हटाने के आदेश दिए। बेहद वरिष्ठ विधायकों की भाषावली निरंतर सवालों के घेरे में

ये भी बता दें कि पिछले कई विधानसभा सत्र में सामने आया है कि भाजपा व कांग्रेस के कई वरिष्ठ विधायकों का सदन की कार्रवाई के दौरान शब्दों का चयन निरंतर सवालों के घेरे में रहा है। इस बार भाजपा विधायक रामकुमार गौतम, महिपाल ढांडा और कांग्रेस विधायक डॉ रघुबीर कादियान के अलावा कई विधायकों द्वारा सदन में इस्तेमाल की गई शब्दावली सवालों के घेरे में रही है। पूर्व में इनके अलावा भी कई अन्य विधायक उनके शब्दों के चयन को लेकर सवालों के घेरे में रहे हैं। पूर्व में स्थिति ये रही है कि कई दफा विधायकों द्वारा ऐसे बेहद आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल भी सदन में किया जा चुका है जिनको बाद में सदन की कार्रवाई से हटाना पड़ा।

हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष महोदय द्वारा ‌‌‌वीरवार को नीचे दिए गए शब्दों को सदन की कार्यवाही से निकलवाया गया है

1. कांग्रेस विधायक डॉ0 रघुबीर सिंह कादियान द्वारा कहे गये शब्द "आप एक मैम्बर का नाम बता दीजिए कि RSS से जुड़ा हुआ कोई व्यक्ति Constituent Assembly का मैम्बर बना हो”, अध्यक्ष द्वारा सदन की कार्यवाही से निकलवाये गये। 2. कांग्रेस विधायक डॉ0 रघुबीर सिंह कादियान द्वारा कहे गये शब्द "RSS के दफ्तर के ऊपर 51 साल तिरंगा झंडा नहीं फहराया", अध्यक्ष द्वारा सदन की कार्यवाही से निकलवाये गये। 3. भाजपा के वरिष्ठ विधायक राम कुमार गौतम द्वारा कहे गये शब्द "दूसरी बात, कादियान जी ने आरएसएस का जिक्र किया है। अरे इसका जिक्र करने के लिए तो इनका पप्पू ही बहुत है", अध्यक्ष द्वारा सदन की कार्यवाही से निकलवाये गये। 4. संसदीय कार्य मंत्री ( महीपाल ढांडा) द्वारा कहे गये शब्द "इसके अलावा वे यहां पर जितना भी बोलकर गए वो सारा का सारा झूठ का पुलिंदा इस प्रदेश की जनता के सामने परोस कर गए।", अध्यक्ष महोदय द्वारा सदन की कार्यवाही से निकलवाये गये।