समाचार · मध्य प्रदेश
समय पर आने को कहने पर शिक्षक को पीटा:दतिया स्कूल मारपीट केस में भाजपा नेता और दो साथियों की अग्रिम जमानत खारिज
दतिया में स्कूल में देरी से बच्चे को छोड़ने आने पर समय की पाबंदी की बात सुनकर स्पोर्ट्स शिक्षक को पीटने वाले भाजपा नेता ब्रजेश दुबे और उनके दो साथियों को कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने स्पोर्ट्स टीचर के साथ मारपीट करने के मामले में तीनों आरोपियों की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी। जमानत अर्जी नामंजूर होने के बाद अब आरोपियों की गिरफ्तारी की तलवार लटक गई है और उनकी कानूनी मुश्किलें बढ़ना तय माना जा रहा है। गेट बंद होने के बाद पहुंचे थे स्कूल, टोकने पर भड़के
घटना 19 नवंबर को दतिया के रानी लक्ष्मीबाई पब्लिक स्कूल की है। पीड़ित स्पोर्ट्स टीचर आकाश श्रीवास (26) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि स्कूल लगने का निर्धारित समय सुबह 7:55 बजे है। ट्रैफिक को देखते हुए प्रबंधन की ओर से छात्रों को सुबह 8:10 बजे तक प्रवेश की छूट दी जाती है। बीते बुधवार सुबह 8:15 बजे स्कूल का मुख्य गेट बंद हो चुका था। इसी दौरान कक्षा 5वीं के छात्र हर्षित दुबे को छोड़ने के लिए उसके पिता और पार्षद देवर ब्रजेश दुबे स्कूल पहुंचे। जब शिक्षक आकाश श्रीवास ने उन्हें समय पर बच्चे को स्कूल भेजने के लिए कहा, तो ब्रजेश दुबे अपना आपा खो बैठे। सड़क बनवाने और सैलरी की धौंस देकर की मारपीट
आरोप है कि समय पर आने की बात सुनते ही ब्रजेश दुबे ने सड़क बनवाने और शिक्षक की सैलरी का हवाला देते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ता देख शिक्षक आकाश बच्चों को लेकर स्कूल के ग्राउंड की तरफ चले गए ताकि माहौल शांत हो सके। लेकिन इसी बीच ब्रजेश दुबे अपने दो साथियों रमाकांत दांगी और नितयुक्त गुर्जर के साथ स्कूल परिसर में घुस आए और ग्राउंड में ही शिक्षक पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। गिरफ्तारी से बचने के लिए लगाई थी याचिका शिक्षक की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी से बचने के लिए मुख्य आरोपी ब्रजेश दुबे, रमाकांत दांगी और नितयुक्त गुर्जर ने कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन दिया था। मामले की गंभीरता और शिक्षण संस्थान के भीतर घुसकर शिक्षक के साथ मारपीट किए जाने को देखते हुए न्यायालय ने तीनों की अग्रिम जमानत याचिका को खारिज कर दिया है।