Friday, 27 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा में कई जिलों को मिली सौगात, 2.16 लाख लोगों तक पहुंचीं सरकारी योजनाएं

INT News27 November 2026 at 07:58 am

Jharkhand Foundation Day. झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा मनाया गया. राज्य के विभिन्न जिलों में गुरुवार को विकास और जनकल्याण से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किये गये. इन कार्यक्रमों में दिव्यांगजन सशक्तीकरण, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि, आवास और सामाजिक सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया. महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग की पहल पर आयोजित दिव्यांगजन सशक्तीकरण एवं समावेशी समाज दिवस में कुल 2,16,400 लोगों ने भाग लिया.

ये भी पढ़ें: Jharkhand Budget 2027-28: 60 बजट मांगों के अधिकारियों को ट्रेनिंग, नई SOP लागू

2.16 लाख लोगों ने लिया दिव्यांगजन सशक्तीकरण कार्यक्रम में हिस्सा

दिव्यांगजन सशक्तीकरण कार्यक्रम के दौरान विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की पहचान और प्रारंभिक स्क्रीनिंग की गयी. इसके अलावा यूडीआइडी और दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनवाने में सहायता दी गयी. जरूरतमंद दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण भी उपलब्ध कराये गये.

894 परिवारों को मिला अपने घर का सपना पूरा होने का मौका

आवास योजनाओं के तहत कई जिलों में गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किये गये. सरायकेला-खरसावां में 17 से 26 नवंबर तक कुल 864 परिवारों ने नये घरों में प्रवेश किया. इनमें गुरुवार को 77 परिवार शामिल रहे. वहीं, गोड्डा में 17 और लातेहार में 13 परिवारों को गृह प्रवेश कराया गया.

सिमडेगा की 143 पारंपरिक दाइयों को मिली प्रसव किट

सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देने के लिए सिमडेगा के दुर्गम इलाकों में काम करने वाली 143 प्रशिक्षित पारंपरिक दाइयों को विशेष प्रसव किट दी गयी. इसका उद्देश्य दूरदराज के क्षेत्रों में प्रसव के दौरान जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद करना है.

स्थानीय कला और रोजगार को बढ़ावा देने की पहल

बोकारो में आयोजित प्रदर्शनी में काष्ठ कला, लुगुबुरू घंटाबाड़ी धोरोमगढ़ और भेंडरा मेटल क्लस्टर को राज्यस्तरीय पहचान दिलाने की पहल की गयी. वहीं, पाकुड़ में आयोजित भर्ती कैंप में 261 रिक्तियों के विरुद्ध 19 अभ्यर्थियों का चयन किया गया, जबकि 22 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया.

किसानों और महिला समूहों को भी मिला लाभ

कृषि क्षेत्र में चतरा के किसानों को उन्नत चना बीज किट वितरित की गयी. दुमका में 20 महिला समूह सदस्यों को सरसों बीज उपलब्ध कराया गया. लोहरदगा में 190 पशुपालकों को पशु चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिला.

स्वास्थ्य और बाल संरक्षण पर भी रहा जोर

पाकुड़ में 100 टीबी मरीजों को पोषण किट बांटी गयी. लोहरदगा में 17 यूनिट रक्तदान किया गया. इसके अलावा 437 बच्चों को बाल संरक्षण से जुड़ी जानकारी दी गयी.

गोड्डा और लातेहार में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन

स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत गोड्डा और लातेहार में संविधान दिवस के अवसर पर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया. इस तरह राज्य के विभिन्न जिलों में सामाजिक समावेशन, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किये गये.

ये भी पढ़ें: दांतों से पेन पकड़कर लिखते हैं मो फैजानुल्लाह, JAC मैट्रिक में हासिल किए 93.8% अंक