sports
8 साल बाद फिर खुलेगा सैंडपेपरगेट का मामला, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने लिया बड़ा फैसला

Ball-Tampering Scandal: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को शर्मसार करने वाले 2018 के सैंडपेपरगेट विवाद की करीब आठ साल बाद एक बार फिर जांच होने जा रही है. दक्षिण अफ्रीका दौरे पर हुए बॉल टेंपरिंग कांड को लेकर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने स्वतंत्र जांच कराने का फैसला किया है. इसके लिए स्वतंत्र वरिष्ठ वकील फियोना मैकलियोड AO SC को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इस प्रक्रिया में 2018 के दक्षिण अफ्रीका दौरे का हिस्सा रहे खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और उस समय क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अधिकारियों को अपना पक्ष रखने का मौका मिलेगा.
6 सप्ताह चलेगी जांच, 30 दिन में सार्वजनिक होगी रिपोर्ट
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का स्वतंत्र फोरम छह सप्ताह तक काम करेगा. इसमें संबंधित लोग व्यक्तिगत बैठक, ऑनलाइन मीटिंग या लिखित बयान के जरिए अपनी बात रख सकेंगे. प्रतिभागियों की जानकारी गोपनीय रखी जाएगी, जब तक वे खुद उसे सार्वजनिक करने की अनुमति न दें.
जांच पूरी होने के बाद फियोना मैकलियोड अपनी रिपोर्ट और सिफारिशें बोर्ड को सौंपेंगी. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया रिपोर्ट मिलने के 30 दिनों के भीतर अपनी प्रतिक्रिया और आगे के कदमों की जानकारी सार्वजनिक करेगा.
क्या है 2018 का सैंडपेपरगेट विवाद?
साल 2018 में ऑस्ट्रेलिया के दक्षिण अफ्रीका दौरे पर केपटाउन टेस्ट के दौरान कैमरन बैनक्रॉफ्ट गेंद की सतह से छेड़छाड़ करते हुए कैमरे में पकड़े गए थे. इस घटना के बाद तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ, उपकप्तान डेविड वॉर्नर और बैनक्रॉफ्ट पर कार्रवाई हुई थी.
करीब आठ साल बाद यह मामला पूर्व ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा में किए गए दावे के कारण फिर चर्चा में है. ख्वाजा ने दावा किया कि गेंद से छेड़छाड़ की योजना की जानकारी पूरी टीम को थी. उनके बयान के बाद उस समय हुई जांच और उसके दायरे को लेकर क्रिकेट जगत में नई बहस शुरू हो गई है.
ये भी पढ़ें: BBL का भारत में होगा ऐतिहासिक मुकाबला, चेन्नई में पहली बार भिड़ेंगी ये दो ऑस्ट्रेलियाई टीमें, जानें तारीख
कौन हैं फियोना मैकलियोड?
फियोना मैकलियोड AO SC को जटिल और संवेदनशील मामलों की जांच का 30 साल से अधिक का अनुभव है. वह राष्ट्रीय महत्व के मामलों और रॉयल कमीशन जैसी जांच प्रक्रियाओं से भी जुड़ी रही हैं.
डेविड बून ने बताया जांच का मकसद
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के चेयरमैन डेविड बून ने कहा कि यह फोरम 2018 के दक्षिण अफ्रीका दौरे से जुड़े लोगों को सुरक्षित माहौल में अपनी बात रखने का मौका देगा. उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रक्रिया में संबंधित लोगों की भलाई और मानसिक स्थिति का ध्यान रखा जाएगा.
बून के मुताबिक, जांच का मकसद किसी को सजा देना या दोषी ठहराना नहीं है. बोर्ड इस प्रक्रिया के जरिए पुराने घटनाक्रम को बेहतर ढंग से समझना और उससे सीख लेना चाहता है. उन्होंने रिपोर्ट सार्वजनिक करने को पारदर्शिता के प्रति बोर्ड की प्रतिबद्धता बताया.
ये भी पढ़ें: IND vs NZ: गुरनूर बरार ने किया टेस्ट डेब्यू, प्लेइंग-11 में इस खिलाड़ी के बदले मिली जगह