national
पाकिस्तान की हर चाल पर रहेगी नजर, सीमा पर पांचवां S-400 तैनात करने की तैयारी में भारत

चीन और तुर्किये पाकिस्तान को मिलिट्री इक्विपमेंट दे रहे हैं. वहीं, अमेरिका उसके F-16 लड़ाकू विमानों को और ताकतवर बना रहा है. सऊदी अरब भी पाकिस्तान की सैन्य क्षमता बढ़ाने के लिए पैसा मुहैया करा रहा है. ऐसे में भारत ने पश्चिमी सीमा की सुरक्षा और मजबूत करने का फैसला किया है.
इसके तहत जम्मू-कश्मीर में 740 किलोमीटर लंबी नियंत्रण रेखा (LoC) की निगरानी और हवाई हमलों से बचाव के लिए पांचवां S-400 एयर डिफेंस सिस्टम तैनात किया जाएगा.
देश में चार S-400 एयर डिफेंस तैनात हैं
पाकिस्तान और चीन से हवाई खतरे से निपटने के लिए भारत अपनी एयर डिफेंस ताकत लगातार बढ़ा रहा है. फिलहाल देश में तीन S-400 एयर डिफेंस सिस्टम पंजाब, राजस्थान और गुजरात में तैनात हैं. वहीं, चौथा सिस्टम असम में तैनात किया गया है. हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, अब भारत फरवरी तक पांचवें S-400 को भी पाकिस्तान सीमा के पास तैनात करने की तैयारी में है. इससे दुश्मन के लड़ाकू विमानों, मिसाइलों और ड्रोन पर नजर रखने और उन्हें हवा में ही नष्ट करने की क्षमता और मजबूत होगी.
फरवरी 2027 तक तैयार होगा भारत का पांचवां S-400
केंद्र सरकार भले ही राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों पर खुलकर जानकारी नहीं दे रही है, लेकिन अधिकारियों के मुताबिक भारतीय वायुसेना की एक टीम अगले महीने रूस जाएगी. यह टीम पांचवें S-400 एयर डिफेंस सिस्टम की भारत रवाना होने से पहले जांच करेगी. इसके फरवरी 2027 तक तैनाती के लिए तैयार होने की उम्मीद है.
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी S-400 की भूमिका खास नजर आयी
भारत आने वाले साल में रूस से पांच और S-400 सिस्टम खरीदने की तैयारी भी कर रहा है. यह सिस्टम 40 से 400 किलोमीटर की दूरी तक बैलिस्टिक मिसाइल, लड़ाकू विमान, ड्रोन, आत्मघाती ड्रोन और हवा में मंडराकर हमला करने वाले हथियारों को निशाना बना सकता है. ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी S-400 की भूमिका अहम रही थी.
अधिकारियों के मुताबिक, पाकिस्तान की ओर से दागी गई कोई बैलिस्टिक मिसाइल या रॉकेट भारतीय क्षेत्र में नहीं पहुंच सका. इसके अलावा पाकिस्तानी लड़ाकू विमान, AEW&C विमान और खुफिया निगरानी करने वाले ELINT प्लेटफॉर्म को भी मार गिराया गया था.