Friday, 27 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

Jharkhand Budget 2027-28: 60 बजट मांगों के अधिकारियों को ट्रेनिंग, नई SOP लागू

INT News27 November 2026 at 07:50 am

Jharkhand Budget 2027-28. झारखंड में अगले वित्तीय वर्ष 2027-28 का बजट तैयार करने की कवायद शुरू हो गयी है. इस बार बजट से जुड़ी ऑनलाइन एंट्री का तरीका बदल दिया गया है. ऐसे में वित्त विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को यह नई प्रक्रिया समझाने का फैसला किया है. इसके लिए 60 बजट मांगों से जुड़े पदाधिकारियों को 30 नवंबर को प्रशिक्षण दिया जायेगा.

ये भी पढ़ें: दांतों से पेन पकड़कर लिखते हैं मो फैजानुल्लाह, JAC मैट्रिक में हासिल किए 93.8% अंक

बजट की ऑनलाइन एंट्री का तरीका बदला

वित्त विभाग की प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट (पीएमयू) शाखा ने सीओबीटी पोर्टल पर बजट की जानकारी भरने के लिए नयी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी की है. इसमें पहले से चली आ रही प्रक्रिया में बदलाव किये गये हैं. विभाग चाहता है कि सभी अधिकारी नयी व्यवस्था को समझकर बजट से जुड़ा काम सही तरीके से पूरा करें.

प्रोजेक्ट भवन में तीन बजे से होगी ट्रेनिंग

वित्त विभाग के संयुक्त सचिव सह बजट पदाधिकारी चंद्रभूषण प्रसाद ने सभी अपर मुख्य सचिवों, प्रधान सचिवों, सचिवों और विभागाध्यक्षों को पत्र भेजा है. इसमें संबंधित अधिकारियों को प्रशिक्षण में शामिल कराने का निर्देश दिया गया है. प्रशिक्षण 30 नवंबर को दोपहर तीन बजे से प्रोजेक्ट भवन की एनेक्सी बिल्डिंग के दूसरे तल स्थित सभाकक्ष में होगा.

कई प्रमुख कार्यालयों के अधिकारियों को भी बुलाया गया

वित्त विभाग ने राज्यपाल सचिवालय, विधानसभा सचिवालय, झारखंड हाइकोर्ट, राज्य वित्त आयोग, पेंशन एवं लेखा निदेशालय, अंकेक्षण निदेशालय और कोषागार एवं सांस्थिक वित्त निदेशालय को भी पत्र भेजा है. इन कार्यालयों में सीओबीटी पोर्टल पर बजट प्रविष्टि का काम देखने वाले अधिकारियों को प्रशिक्षण में भेजने को कहा गया है.

समय पर बजट तैयार करने की तैयारी

वित्त विभाग का मकसद नयी प्रक्रिया की जानकारी देकर बजट प्रविष्टि के काम को आसान बनाना है. इससे सभी विभागों में ऑनलाइन बजट की जानकारी भरने का काम तय समय पर पूरा हो सकेगा.