Sunday, 16 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

फरीदाबाद में प्लॉट में मिला नवजात का शव:कुत्ते मुंह में दबाकर ले जा रहे थे, युवक ने देखकर छुड़ाया

INT News16 August 2026 at 12:44 pm

फरीदाबाद जिले के डबुआ थाना क्षेत्र में गाजीपुर गांव के पास उड़िया कॉलोनी के एक खाली प्लॉट में रविवार सुबह नवजात शिशु का शव मिला। नवजात का शव लाल रंग के कपड़े में लिपटा हुआ था और कुत्ते उसे उठाकर ले जाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक युवक की नजर कुत्तों पर पड़ी। उसने कुत्तों को भगाया तो मामले का खुलासा हुआ। स्थानीय निवासी संतोष ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे वह वहां से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कुछ कुत्तों को लाल रंग का कपड़ा मुंह में दबाकर ले जाते देखा। कपड़े के नीचे से नवजात के हाथ और पैर दिखाई दे रहे थे। शक होने पर उन्होंने कुत्तों को भगाया और कपड़ा हटाकर देखा तो उसमें एक नवजात शिशु का शव लिपटा हुआ था। संतोष ने तुरंत आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। खाली प्लॉट में पड़ा था नवजात का शव स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने नवजात को जन्म के बाद खाली प्लॉट में फेंक दिया। लोगों ने इस घटना को बेहद शर्मनाक बताया। उनका कहना है कि अगर किसी कारण से नवजात को पालना संभव नहीं था तो उसे इस तरह खुले में छोड़ने के बजाय कानूनी और सुरक्षित तरीके अपनाए जा सकते थे। घटना की सूचना डबुआ थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात के शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नवजात को यहां कौन छोड़कर गया। मामले की जांच कर रही पुलिस डबुआ थाना प्रभारी सुमेर सिंह ने बताया कि गाजीपुर गांव के पास उड़िया कॉलोनी के एक खाली प्लॉट से नवजात का शव बरामद हुआ है। प्रथम दृष्टया नवजात करीब एक दिन का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि नवजात की मौत पहले हो चुकी थी या उसे जिंदा अवस्था में यहां फेंका गया था।