समाचार · मध्य प्रदेश
जिला अस्पताल के ICU में टपकने लगी छत:पलंग के पास रखनी पड़ी बाल्टियां, परेशान हुए मरीज
शनिवार रात हुई बारिश के दौरान जिला अस्पताल के आईसीयू वार्ड की छत टपकने लगी। इसका एक वीडियो आज सामने आया है, जिसमें एक मरीज भीगे हुए बिस्तर पर लेटा दिखाई दे रहा है। वार्ड में छत से टपकते पानी को रोकने के लिए बाल्टियां रखी गई थीं। आईसीयू जैसे संवेदनशील वार्ड में बारिश का पानी टपकना अस्पताल प्रबंधन की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े करता है। वीडियो में मरीज के बिस्तर के आसपास पानी जमा दिखाई दे रहा है, जिससे मरीजों को इलाज के साथ-साथ बारिश के पानी से भी परेशानी का सामना करना पड़ा। मरीजों और उनके परिजनों ने इसे गंभीर लापरवाही बताया है। उनका कहना है कि यदि बारिश का पानी बिजली के उपकरणों या अन्य चिकित्सकीय संसाधनों तक पहुंचता है, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। इस मामले में सिविल सर्जन डॉ. एस.एन. बिंदल ने बताया कि उन्हें इसकी सूचना मिली थी। उन्होंने मिस्त्री को बुलाकर पानी के स्रोत का पता लगाकर मरम्मत कराने की बात कही है। बारिश का मौसम जारी है और आने वाले दिनों में भी बारिश की संभावना है। ऐसे में अस्पताल प्रबंधन को छत की स्थिति की तत्काल जांच कराकर मरम्मत करानी चाहिए, ताकि मरीजों को ऐसी असुविधा का सामना न करना पड़े।