Sunday, 16 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

यमुनानगर में जन्मदिन पार्टी से लौट रहे दोस्तों का एक्सीडेंट:क्रेटा कार ने मारी टक्कर, दोनों की टांगें टूटी; कार ड्राइवर हुआ फरार

INT News16 August 2026 at 01:46 pm

यमुनानगर के मधु चौक पर जन्मदिन समारोह के बाद दोस्त को घर छोड़ने निकले दो युवक सड़क हादसे का शिकार हो गए। रामपुरा की तरफ से तेज रफ्तार में आई काले रंग की क्रेटा कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों दोस्तों की टांगें टूट गई। हादसे के बाद क्रेटा चालक कुछ देर मौके पर रुका, लेकिन बाद में फरार हो गया। राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंचे। एक युवक की हालत ज्यादा खराब देखते हुए उसे रैफर कर दिया गया। वहीं यमुनानगर सिटी थाना पुलिस ने मामले में आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। भाई के जन्मदिन पर घर आए थे दोस्त रेलवे स्टेशन रोड, कुठयाला हाउस निवासी साहिल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 14 अगस्त को उसके बड़े भाई रोहित का जन्मदिन था। जन्मदिन मनाने के लिए उसके दोस्त निखिल, चिराग, सूरज, पारस, राहुल और दीपक घर आए हुए थे। रात करीब 11:30 बजे वह अपने दोस्त निखिल को उसके घर छोड़ने के लिए बाइक पर उसके साथ निकला था। बाइक निखिल चला रहा था और वह पीछे बैठा था। दोनों मधु चौक की तरफ से गुजर रहे थे। इसी दौरान रामपुरा की तरफ से काले रंग की क्रेटा कार तेज रफ्तार से आती दिखाई दी। साहिल के अनुसार, मधु चौक पार करते समय क्रेटा चालक ने लापरवाही से कार को अचानक कन्हैया साहिब चौक की तरफ मोड़ दिया। निखिल को अंबाला रेफर, साहिल का यमुनानगर में इलाज इसी दौरान कार सीधे उनकी बाइक से जा टकराई। टक्कर के बाद बाइक समेत दोनों सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। क्रेटा चालक कुछ देर मौके पर रुका, लेकिन इसके बाद कार लेकर वहां से फरार हो गया। हादसे के बाद राहगीरों ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। दोनों को सिविल अस्पताल यमुनानगर ले जाया गया। निखिल की गंभीर चोटों को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए आदेश अस्पताल अंबाला रेफर कर दिया। वहीं साहिल का इलाज यमुनानगर के प्राइवेट अस्पताल में चल रहा है। हादसे में निखिल की टांग में पांच जगह फ्रैक्चर आया। वहीं साहिल के पैर में चार फ्रैक्चर होने के साथ-साथ पैर की तीन उंगलियां भी पूरी तरह डेमेज हो गईं।