समाचार · हरियाणा
रानियां पहुंचे गौसेवा आयोग के चेयरमैन रामचंद्र कंबोज:समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ किया स्वागत, लड्डू खिलाकर मनाई खुशी
हरियाणा गौसेवा आयोग के चेयरमैन रामचंद्र कंबोज ने कार्यभार संभालने के बाद पहली बार रानियां का दौरा किया। इस अवसर पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। रानियां में उनके स्वागत के लिए जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें सिरसा बीजेपी कार्यालय, रामनगरिया, भम्बूर नानकपुर, चक्राइयाँ, ओटू, रानियां अनाज मंडी और रानियां मेन बाजार शामिल थे। हरियाणा सरकार ने रानियां के पूर्व विधायक रामचंद्र कंबोज को हरियाणा गौसेवा आयोग का चेयरमैन नियुक्त किया था। उन्होंने 14 अगस्त को अपना कार्यभार संभाला। इस संबंध में पशुपालन एवं डेयरी विभाग, हरियाणा सरकार की ओर से 8 अगस्त 2026 को एक अधिसूचना जारी की गई है। जारी अधिसूचना के अनुसार, आयोग में एक वाइस-चेयरमैन और अन्य सदस्यों की भी नियुक्ति की गई है। ये सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
रामचंद्र कंबोज की नियुक्ति से उनके समर्थकों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। समर्थकों ने इसे रानियां क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया और उन्हें बधाई दी। गौसेवा आयोग के चेयरमैन के रूप में अब कंबोज के सामने गौवंश संरक्षण, गौशालाओं की व्यवस्था सुधारने और गौसेवा से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी। मीडिया से बातचीत के दौरान, उन्होंने बताया कि गौ माताओं के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सड़कों पर लावारिस घूमने वाली गौ माताओं के लिए हरियाणा सरकार विशेष कदम उठाएगी। राजनीति सफर की कैसे हुई शुरूआत… राजनीतिक सफर की शुरुआत इनेलो पार्टी से हुई थी, पूर्व विधायक रामचन्द्र कंबोज पहले इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) पार्टी में थे। उन्होंने वर्ष 2014 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में इनेलो के टिकट पर रानिया निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ा था और उस चुनाव में उन्होंने अच्छी खासी वोटों से जीत हासिल की थी। कुछ समय के बाद इनेलो पार्टी से उन्होंने वर्ष 2019 में किसी कारणवश सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। रामचन्द्र कंबोज ने थामा भाजपा का दामन वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले वह भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए थे। और भाजपा पार्टी में अपनी एक खास पहचान बनाने वाले रानियां के पूर्व विधायक रामचंद्र कंबोज हैं। भाजपा का बड़े से बड़ा नेता जब भी कोई रानियां के अंदर दौरे के लिए आता है तो पूर्व विधायक रामचन्द्र कंबोज को खास तवज्जो देते हैं। कुछ समय पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सैनी रानिया के अंदर धार्मिक कार्यक्रमों में शिरकत करने के लिए पहुंचे थे और उन्हीं कार्यक्रमों के बाद उन्होंने पूर्व एमएलए रामचंद्र कंबोज के निवास स्थान पर जा कर लोगों की समस्याएं सुनी और उनसे मुलाकात की थी।