समाचार · मध्य प्रदेश
दतिया में बाइक हटाने को लेकर दो पक्ष भिड़े:मारपीट के आरोपों के साथ बाइक तोड़फोड़ का VIDEO; दोनों पक्षों पर केस
दतिया कोतवाली थाना अंतर्गत पंडो का मोहल्ला में शनिवार शाम बाइक हटाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप लगाते हुए पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग बाइक में तोड़फोड़ करते नजर आ रहे हैं। पुलिस के अनुसार, मुडियन का कुआ निवासी सनी यादव ने शिकायत में बताया कि वह शाम करीब 5.30 बजे कार से घर जा रहा था। गोपाल पंडा के घर के सामने बाइक खड़ी होने पर उसने हॉर्न बजाकर बाइक हटाने को कहा। आरोप है कि इसी बात पर गोपाल पंडा ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद ऋषि और शंभू पंडा भी मौके पर आ गए। सनी का आरोप है कि गोपाल ने डंडे से उसके सिर पर हमला किया, जबकि ऋषि और शंभू ने भी मारपीट की। घटना में उसके सिर से खून निकलने और शरीर पर चोट आने की बात कही गई है। बाइक पर पत्थर फेंककर तोड़फोड़
वहीं, दूसरे पक्ष के गोपाल पंडा ने रिपोर्ट में आरोप लगाया कि सनी यादव और अंश यादव कार से पहुंचे और बाइक हटाने को लेकर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर दोनों ने बाइक पर पत्थर फेंककर तोड़फोड़ कर दी। गोपाल ने सनी पर पेचकस से हमला करने और अंश पर पत्थर मारने का आरोप लगाया। बीच-बचाव करने आए उसके भाई ऋषि के साथ भी मारपीट का आरोप लगाया गया है। गोपाल ने जाते समय जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया। घटना के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे और पुलिस ने दोनों की शिकायत पर अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इधर, सामने आए वीडियो में कुछ लोग बाइक में तोड़फोड़ करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस वीडियो और मौके पर मौजूद लोगों के बयानों के आधार पर घटना की जांच कर रही है। टीआई दिनेश राजपूत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।