समाचार · हरियाणा
सोनीपत सड़क हादसे में दो युवकों की मौत:दोस्त को हाईवे तक छोड़ने आया था दिनेश, वाहन ने मारी टक्कर; ड्राइवर फरार
सोनीपत में ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी के नजदीक रविवार रात सड़क हादसे में बाइक सवार 2 युवकों की मौत हो गई। दोनों खरखौदा के गांव सोहटी के रहने वाले थे। हादसे के बाद अज्ञात वाहन ड्राइवर मौके से फरार हो गया। मृतकों की पहचान विजय (25) और दिनेश (26) के रूप में हुई है। विजय मानेसर स्थित मारुति कंपनी में नौकरी करता था, जबकि दिनेश प्लंबर का काम करता था। रविवार रात दिनेश अपने दोस्त विजय को बाइक से हाईवे तक छोड़ने आया था। इसी दौरान उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल सोनीपत के शवगृह में रखवाया। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर मामले की जांच शुरू कर दी है। विजय को हाईवे तक छोड़ने आया था दोस्त गांव सोहटी निवासी सत्यवान ने बताया कि उसका भतीजा विजय (25) मारुति कंपनी मानेसर में नौकरी करता था। रविवार रात करीब 9 बजे गांव का ही रहने वाला उसका दोस्त दिनेश (26) उसे बाइक से हाईवे तक छोड़ने आया था। इसी दौरान ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी के नजदीक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। परिवार का सबसे छोटा बेटा था विजय विजय 12वीं पास था और अविवाहित था। वह परिवार में सबसे छोटा बेटा था। उसके परिवार में माता-पिता और 2 भाई हैं। वह मानेसर स्थित मारुति कंपनी में नौकरी करके परिवार का सहारा बना हुआ था। उसकी मौत की सूचना से परिवार में मातम पसरा है। दिनेश पर थी परिवार की जिम्मेदारी दिनेश के पिता राजेश ने बताया कि उनका बेटा प्लंबर का काम करता था। उसने 12वीं के बाद आईटीआई का कोर्स भी किया था। परिवार में सबसे बड़ा होने के कारण घर की जिम्मेदारी उसी पर थी। उसके परिवार में माता-पिता और 2 छोटे भाई हैं। अज्ञात वाहन ड्राइवर की तलाश में पुलिस हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों शवों को सिविल अस्पताल सोनीपत पहुंचाया और परिजनों को सूचित किया। पुलिस के अनुसार, परिजनों की शिकायत के आधार पर अज्ञात वाहन ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।