Monday, 2 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें:AAP छोड़ने वाले तीनों विधायक BJP में शामिल, समलैंगिक शादी के दवाब पर सुसाइड, स्टेज पर कूदा फैन तो चिल्लाईं सिंगर

INT News2 November 2026 at 05:55 pm

नमस्कार, पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर 3 विधायकों के BJP जॉइन करने से जुड़ी रही। आम आदमी पार्टी (AAP) के 3 विधायक भाजपा में शामिल हो गए हैं। तीनों विधायकों ने पिछले 2 दिनों में AAP से इस्तीफा दिया। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों का VIDEO देखने के लिए ऊपर क्लिक करें… इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. AAP छोड़ने वाले तीनों विधायक BJP में शामिल पंजाब चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) के 3 विधायक भाजपा में शामिल हो गए हैं। इनमें अमृतसर नॉर्थ से कुंवर विजय प्रताप सिंह, समाना से चेतन सिंह जौड़ामाजरा और सनौर से हरमीत सिंह पठानमाजरा शामिल हैं। BJP जॉइन करने के बाद विधायक कुंवर ने कहा कि पंजाब में गैंगस्टर सरकार का हिस्सा बन गए हैं। फिरौती की इंडस्ट्री चल रही है। इन तीनों विधायकों ने पिछले 2 दिनों में AAP से इस्तीफा दिया। रविवार को जौड़ामाजरा और पठानमाजरा के इस्तीफे के बाद सोमवार को कुंवर ने भी पार्टी छोड़ दी। कुंवर और पठानमाजरा ने विधानसभा की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है। कुंवर को जून 2025 में AAP ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते 5 साल के लिए पार्टी से सस्पेंड कर दिया था। (पढ़ें पूरी खबर) 2. 15 साल की छात्रा ने सुसाइड किया लुधियाना में 15 साल की छात्रा ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव कमरे में पंखे से लटका मिला। परिजनों का आरोप है कि गोपाल नगर की रहने वाली एक लड़की उस पर समलैंगिक विवाह करने का दबाव बना रही थी। इसी मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर छात्रा ने ऐसा कदम उठाया। पुलिस ने आरोपी लड़की के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि, आरोपी लड़की फरार है। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने यह भी बताया है कि आरोपी लड़की पर पहले से भी मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ कुछ लड़कियों ने समलैंगिक विवाह करने के लिए दबाव डालने की शिकायत की थी। (पढ़ें पूरी खबर) 3. हनी सिंह के भतीजे की मौत का पता iPhone से चला जालंधर में सड़क एक्सीडेंट में मारे गए पंजाबी सिंगर हनी सिंह के भतीजे और स्पीड रिकॉर्ड्स मालिक के बेटे दिवित ओलक के iPhone ने सबसे पहले हादसे की सूचना घर पर भेजी थी। उसने iPhone के क्रैश डिटेक्शन फीचर को ऑन कर रखा था। इमरजेंसी अलर्ट के लिए मां का नंबर फीड किया था। शनिवार रात जैसे ही दिवित का एक्सीडेंट हुआ, सबसे पहला अलर्ट उसकी मां के मोबाइल पर गया। मां ही रात को सबसे पहले जागीं और परिवार को बताया। अलर्ट के बाद, दिवित के मोबाइल पर फोन किया, लेकिन कॉल नहीं लगी। इसके बाद दोस्त को फोन करने पर पता चला कि एक्सीडेंट हुआ है और दिवित को सिविल अस्पताल लेकर जा रहे हैं। बता दें कि दिवित सिंगर-रैपर हनी सिंह का भतीजा था। वह दोस्तों के साथ किसी अन्य दोस्त की बर्थडे पार्टी में जा रहा था कि रास्ते में नगर निगम की ट्रॉली से कार टकराने के बाद उसकी मौत हो गई। (पढ़ें पूरी खबर) 4. पूर्व मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा के घर ED रेड होशियारपुर से कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा के घर पर ED (प्रवर्तन निदेशालय) ने रेड की। सोमवार सुबह करीब 5 बजे केंद्रीय एजेंसियों की टीम जोधा मल रोड स्थित अरोड़ा के आवास पर पहुंची। अधिकारियों के साथ CRPF के जवान भी मौजूद रहे। आवास के आसपास सुरक्षा जवानों की तैनाती कर दी गई है और घर को घेर लिया गया है। एजेंसी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, ED ने सुंदर शाम अरोड़ा के ठिकानों पर यह छापेमारी मनी लॉन्ड्रिंग (धन शोधन निवारण अधिनियम - PMLA) से जुड़ी जांच के सिलसिले में की है। इससे पहले 27 जनवरी को भी ईडी ने इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के साथ अरोड़ा के घर पर दबिश दी थी और दस्तावेज खंगाले थे। हालांकि, टीम ने घर के अंदर से क्या मिला, इसे लेकर कोई जानकारी साझा नहीं की थी। (पढ़ें पूरी खबर) 5. कर्मचारियों-पेंशनरों का 22,818 करोड़ DA एरियर बकाया पंजाब के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के महंगाई भत्ते (डीए) और महंगाई राहत (डीआर) के बकाया की देनदारी 22,818 करोड़ रुपए तक पहुंच गई है। सरकार ने आज हाईकोर्ट में दाखिल हलफनामे में यह स्वीकार किया है। इस तरह कर्मचारियों और पेंशनरों की कुल लंबित देनदारी करीब 32,418 करोड़ रुपए बताई गई है। मुख्य सचिव केएपी सिन्हा की ओर से दाखिल हलफनामे में कहा गया है कि हाईकोर्ट के 3 अगस्त के आदेश के तहत बकाया राशि पर 6 प्रतिशत सालाना ब्याज देना होगा। सुप्रीम कोर्ट ने इस आदेश पर रोक नहीं लगाई है, इसलिए सरकार पर इसका पालन करने की जिम्मेदारी बनी हुई है। सरकार ने अदालत को बताया कि केंद्र के समान दर से डीए देने पर सरकारी खजाने पर सालाना करीब 4,712 करोड़ रुपए का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। वित्त वर्ष 2025-26 में वेतन और पेंशन पर सरकार का खर्च करीब 58,064 करोड़ रुपए रहा। ऐसे में बकाया भुगतान के लिए सरकार को विशेष बजट का प्रावधान करना पड़ सकता है। (पढ़ें पूरी खबर) 6. शिअद-BJP गठबंधन पर सुखबीर बोले- मैं कोई पंडित नहीं

पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव में शिरोमणि अकाली दल और भाजपा दोनों एक साथ चुनावी मैदान में जाएंगे, इसको लेकर अभी संस्पेंस बरकार है। लेकिन चंडीगढ़ में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पंजाब में एनडीए की सरकार बनने के दावा किया है। इसी बीच अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल ने गठबंधन के सवाल पर कि मैं कोई पंडित तो हूं नहीं। आपको थोड़े दिनों में पता चल जाएगा कि होना क्या है। उन्होंने कहा कि मैं पहले भी स्पष्ट कर चुका हूं कि पंजाब की दो पार्टियां दुश्मन हैं। एक कांग्रेस और दूसरी आम आदमी पार्टी। इनके अलावा बाकी जो भी पार्टियां हैं, जो पंजाब के हित्त में हैं या जो हमारी फिलॉसफी के साथ हैं, वह अपना है। (पढ़ें पूरी खबर) 7. स्टेज पर कूदा फैन तो चिल्लाईं सिंगर सुनंदा शर्मा फेमस सिंगर सुनंदा शर्मा की सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया है। जयपुर में लाइव परफॉर्मेंस के दौरान एक फैन स्टेज पर चढ़ गया। उसे देखकर सुनंदा घबरा गईं और चिल्लाते हुए तुरंत पीछे हट गईं। इसके बाद सिक्योरिटी ने तुरंत युवक को काबू किया और घसीटते हुए स्टेज से नीचे उतारा। इससे पहले भी गाजियाबाद में सुनंदा शर्मा के साथ ऐसा ही वाकया हो चुका है। इस मामले को लेकर फिलहाल सिंगर की तरफ से कोई रिएक्शन नहीं आया है। (पढ़ें पूरी खबर) 8. इन्फ्लुएंसर बाबा बर्गर वाला पर FIR सोशल मीडिया पर बाबा बर्गर वाला के नाम से मशहूर इन्फ्लुएंसर रविंदरपाल सिंह पर लुधियाना में FIR दर्ज की गई है। मॉडल टाउन पुलिस ने उनके खिलाफ एआई फोटो और वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड करने व उनसे पैसे की मांग करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। इसको लेकर गुरुद्वारा बाबा दीप सिंह प्रबंधक कमेटी के एक मेंबर नवप्रीत सिंह बिंद्रा ने शिकायत दी थी। पुलिस के मुताबिक रविंदरपाल सिंह नवप्रीत सिंह की एआई से फोटो-वीडियो बनाकर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर डालता था और उसके एवज में पैसों की मांग करता था। रविंदर पाल सिंह ने मॉडल टाउन में अपने फूड कार्ट की शुरुआत मिस्टर सिंह फूड किंग और बाबा जी बर्गर वाले के नाम से की थी। वो अपने खास वेज बर्गर, खासकर गोल्ड बर्गर के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने ग्राहकों के लिए 5 मिनट में बर्गर खत्म करने पर 999 रुपए जीतने जैसे चैलेंज भी रखे, जिससे युवाओं में उनकी लोकप्रियता काफी बढ़ी। (पढ़ें पूरी खबर) 9. कनाडा से लौटे युवक की पड़ोसी के घर मिली लाश मोगा में कनाडा से लौटे युवक का शव पड़ोसी के घर मिला। वह माता-पिता का इकलौता बेटा था। पिता ने पड़ोसी दंपती पर बेटे की बिजली का करंट लगाकर हत्या करने और उससे करीब 9 लाख रुपए ऐंठने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पति-पत्नी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर एक को गिरफ्तार कर लिया है। एसएचओ ने बताया कि गुरदीप सिंह करीब दो महीने पहले कनाडा से वापस आया था। वह अपने पिता के घर रहने की बजाय पड़ोसी मनप्रीत सिंह के मकान में रह रहा था। मां ने बताया कि उनका बेटा करीब 2 साल पहले कनाडा गया था। 2 महीने पहले गांव लौटा था। पड़ोस में रहने वाली महिला उसे एयरपोर्ट से सीधे अपने घर ले आई और वहीं रख रही थी। इस दौरान बेटे को उनसे मिलने या बात करने नहीं दिया जाता था। उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया था। (पढ़ें पूरी खबर) खबर जरा हटके… 10. सरकारी नौकरी, फिर भी मावां-धीयां सत्कार योजना का लाभ लिया पंजाब में सरकारी महिला कर्मचारियों ने अपात्र होने के बावजूद मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना का लाभ लिया। सरकार ने ऐसी 1,597 नियमित महिला कर्मचारियों की पहचान की है। ये महिलाएं विभिन्न सरकारी विभागों, बोर्डों, निगमों और सार्वजनिक क्षेत्र के संस्थानों में कार्यरत हैं। सरकार अब इनसे योजना के तहत मिली पूरी राशि वसूलने की तैयारी कर रही है। सामाजिक सुरक्षा एवं महिला एवं बाल विकास निदेशालय ने 30 अक्टूबर को सभी सरकारी विभागों और सार्वजनिक क्षेत्र के संस्थानों को पत्र जारी कर मामलों की प्राथमिकता से जांच करने के निर्देश दिए हैं। विभागों को कर्मचारियों का सर्विस रिकॉर्ड, नौकरी की स्थिति और रिटायरमेंट संबंधी जानकारी सत्यापित करनी होगी। निदेशालय के डिप्टी डायरेक्टर सुखदीप सिंह झज्ज के मुताबिक, इंटीग्रेटेड ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट सिस्टम (HRMS) के जरिए इन कर्मचारियों की पहचान की गई है। अब संबंधित विभाग उन्हें नोटिस जारी कर लिखित जवाब मांगेंगे। गलत जानकारी देकर लाभ लेने वालों पर प्रशासनिक या अनुशासनात्मक कार्रवाई भी हो सकती है। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)