समाचार · मध्य प्रदेश
शिवपुरी के बाजारों से अतिक्रमण हटाया:दो दुकानदारों के चालान काटे, त्योहारों के लिए तीन पार्किंग स्थल और ट्रैफिक डायवर्जन तय
दीपावली और धनतेरस पर बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए शिवपुरी में यातायात पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने प्रमुख बाजारों से अतिक्रमण हटवाया। टीम ने कोर्ट रोड, गांधी चौक सर्राफा बाजार और प्रगति बाजार में दुकानों के बाहर रखा सामान हटवाया। सर्राफा बाजार में दो दुकानदारों के चालान भी काटे गए। दुकानों के बाहर सामान रखने पर की कार्रवाई यातायात प्रभारी रणवीर सिंह यादव ने बताया कि त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने बाजार पहुंचते हैं। ऐसे में दुकानों के बाहर सामान रखने से सड़क पर आवागमन प्रभावित होता है और जाम की स्थिति बन सकती है। इसी को देखते हुए दुकानदारों को दुकान के सामने अतिक्रमण नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। तीन जगह बनाई पार्किंग व्यवस्था यातायात पुलिस ने त्योहारों के दौरान लोगों की सुविधा के लिए तीन पार्किंग स्थल तय किए हैं। इनमें पोलो ग्राउंड, पुराना आरटीओ ऑफिस और कस्टम गेट शामिल हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपने वाहन इन्हीं निर्धारित जगहों पर खड़े करने की अपील की है। धनतेरस-दीपावली पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन धनतेरस और दीपावली पर बाजारों में भीड़ को देखते हुए लक्ष्मी निवास, पुराना बस स्टैंड और कस्टम गेट से ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा। यातायात प्रभारी रणवीर सिंह यादव ने नागरिकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और डायवर्जन व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।