समाचार · झारखंड
भाजपा CEC से इस्तीफा मांगे, फिर करे लोकतंत्र बचाने की बात, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का पलटवार

रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने भाजपा की ओर से सोमवार को निकाली गयी ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि भाजपा की यह पदयात्रा लोकतंत्र की रक्षा का प्रयास नहीं, बल्कि राजनीतिक फोटोशूट का नया अध्याय है. भाजपा का लोकतंत्र प्रेम दिखावटी है. यदि पार्टी वास्तव में लोकतंत्र बचाना चाहती है, तो उसे सबसे पहले मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की मांग करनी चाहिए और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठ रहे सवालों का जवाब देना चाहिए.
मताधिकार और चुनाव प्रक्रिया पर उठाये सवाल
श्री कमलेश ने कहा कि देश में मतदाताओं के मताधिकार और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठ रहे हैं. विपक्ष लगातार लोकतांत्रिक संस्थाओं की जवाबदेही तय करने की मांग कर रहा है. ऐसे में भाजपा की पदयात्रा जनता की आंखों में धूल झोंकने जैसी है. उन्होंने सवाल किया कि भाजपा आखिर किस लोकतंत्र को बचाने और किस अराजकता को हटाने की बात कर रही है?
ये भी पढ़ें... कोर्ट परिसर में रील्स बनाने पर रोक, झारखंड के वकीलों के लिए एसोसिएशन का निर्देश
भाजपा पहले अपने आचरण पर आत्ममंथन करे
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा एक ओर लोकतंत्र और संवैधानिक मर्यादाओं की बात करती है, वहीं दूसरी ओर दुष्यंत कुमार और हरदीप पुरी जैसे लोगों को महत्वपूर्ण पदों पर बनाये रखती है. भाजपा को पहले अपने राजनीतिक आचरण और सत्ता के चरित्र पर आत्ममंथन करना चाहिए.
लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी कांग्रेस
श्री कमलेश ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनावी नारा नहीं, बल्कि जनता के मताधिकार, संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और जवाबदेही का नाम है. कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी. उन्होंने कहा कि भाजपा को कैमरों के सामने लोकतंत्र बचाने का नाटक करने के बजाय चुनाव आयोग की जवाबदेही और संस्थाओं की विश्वसनीयता बहाल करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए. जनता को नारे नहीं, सवालों के जवाब चाहिए.