समाचार · मध्य प्रदेश
यूपी तहसीलदार को देखकर भागा गिट्टी से भरा हाइवा पलटा:सतना में ड्राइवर नीचे दबकर घायल; ओवरलोडिंग की जांच करने पीछा कर रही थी टीम
सतना जिले के बरौंधा थाना क्षेत्र के भियामऊ स्थित क्रेशर प्लांट में रविवार देर रात गिट्टी से ओवरलोड हाइवा पलट गया। हादसे में चालक नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उत्तर प्रदेश के अतर्रा तहसीलदार की टीम को देखकर चालक बालू से भरा हाइवा लेकर भाग रहा था। हादसे का वीडियो सोमवार को सामने आया। मौके पर मौजूद लोगों ने चालक को वाहन के नीचे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उसका इलाज कानपुर में चल रहा है। भियामऊ में मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश की सीमा पर चित्रकूट क्रेशिंग कॉर्पोरेशन और माइल स्टोन नाम से क्रेशर प्लांट चलते हैं। क्रेशर का मुख्य गेट उत्तर प्रदेश की सीमा में है, जबकि परिसर का बाकी हिस्सा मध्यप्रदेश में आता है। इसी वजह से दोनों राज्यों की प्रशासनिक टीमें यहां ओवरलोडिंग की जांच के लिए समय-समय पर पहुंचती हैं। रविवार रात उत्तर प्रदेश के अतर्रा तहसीलदार महेंद्र कुमार पांडेय अपनी टीम के साथ क्रेशर प्लांट पहुंचे थे। इसी दौरान बालू से भरा ओवरलोड हाइवा लेकर चालक भागने लगा। कुछ दूर जाने के बाद वाहन पलट गया और चालक उसके नीचे दब गया। हादसे के बाद अधिकारी चले गए सामने आए वीडियो में कुछ लोग वाहन के नीचे फंसे चालक को निकालने की कोशिश करते दिख रहे हैं। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद तहसीलदार वहां से चले गए। स्थानीय लोगों ने चालक को निकालकर गंभीर हालत में कानपुर के अस्पताल पहुंचाया। बरौंधा थाना प्रभारी अभिनव सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। घायल चालक के बयान लेने के लिए भी टीम भेजी गई है। अतर्रा एसडीएम शैलेन्द्र मिश्रा ने बताया कि तहसीलदार अभी फील्ड में हैं। घटना के बारे में उनसे जवाब मांगा गया है।