Wednesday, 19 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

भोपाल से ब्यावरा होकर इंदौर जा सकेंगे वाहन:वापस भी इसी मार्ग से आएंगे; 23-25 तक रूट डायवर्जन, प्रदीप मिश्रा निकालेंगे कांवड यात्रा

INT News19 August 2026 at 07:45 pm

सीहोर में पंडित प्रदीप मिश्रा के सानिध्य में आयोजित होने वाली विशाल कावड़ यात्रा के मद्देनजर सीहोर पुलिस ने यातायात और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। 24 और 25 अगस्त को होने वाली इस यात्रा में देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। श्रद्धालुओं की भारी संख्या और आम जनता की सुविधा को देखते हुए, पुलिस प्रशासन ने 23 अगस्त की सुबह 6 बजे से 25 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक विशेष रूट डायवर्जन लागू किया है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए परिवर्तित मार्गों का ही उपयोग करें। यातायात को सुगम बनाए रखने के लिए भारी और हल्के वाहनों के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। भारी वाहनों के लिए परिवर्तित मार्ग भोपाल से इंदौर की ओर जाने वाले भारी वाहन परवलिया थाना क्षेत्र के मुबारकपुर जोड़ और खजूरी थाना क्षेत्र के तुमड़ा जोड़ से डायवर्ट होकर श्यामपुर, कुरावर, ब्यावरा, शाजापुर और मक्सी होते हुए देवास व इंदौर जा सकेंगे। इसी तरह, इंदौर और देवास से भोपाल आने वाले भारी वाहनों को देवास से मक्सी, शाजापुर, ब्यावरा, कुरावर और श्यामपुर होते हुए भोपाल भेजा जाएगा। कन्नौज-खातेगांव मार्ग से आने वाले भारी वाहन आष्टा, शुजालपुर और पचोर होते हुए ब्यावरा की तरफ आ-जा सकेंगे। होशंगाबाद और रेहटी-भेरूंदा से इंदौर जाने वाले भारी वाहनों को गोपालपुर थाना क्षेत्र से कन्नौद और आष्टा होते हुए इंदौर के लिए निकाला जाएगा। छोटे एवं सवारी वाहनों के लिए परिवर्तित मार्ग भोपाल से आष्टा, देवास, उज्जैन और इंदौर की तरफ जाने वाले छोटे व यात्री वाहन सीहोर स्थित न्यू क्रिसेंट चौराहे से भाऊखेड़ी जोड़ और अमलाहा होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। इंदौर, उज्जैन और देवास से भोपाल जाने वाले छोटे वाहनों को आष्टा से अमलाहा, भाऊखेड़ी जोड़ और न्यू क्रिसेंट चौराहा होते हुए भोपाल निकाला जाएगा।