Wednesday, 19 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national · उत्तर प्रदेश

CWC मीटिंग में विधानसभा चुनाव पर रणनीति: 800 शहरों में छात्रों की गूंज कार्यक्रम करेगी कांग्रेस, राहुल गांधी होंगे शामिल

INT News19 August 2026 at 07:45 pm

Congress CWC Meeting: कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में खरगे ने शिक्षा, रोजगार, राम मंदिर ट्रस्ट में कथित अनियमितताओं और चीन सीमा पर राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर केंद्र सरकार की नीतियों की आलोवना की. कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि हम राम मंदिर चंदे की चोरी के मुद्दे को जमीनी स्तर तक ले जाएंगे. वेणुगोपाल ने बताया कि CWC ने प्रदेश कांग्रेस कमेटियों को निर्देश दिया है कि वे राम मंदिर चंदे की चोरी के मुद्दे पर पूरे देश में प्रदर्शन करें.

देश के 800 शहरों में छात्रों की गूंज कार्यक्रम करेगी कांग्रेस

वेणुगोपाल ने कहा, "हम लगभग 800 शहरों में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम आयोजित करने जा रहे हैं, जिनमें से कुछ कार्यक्रमों में राहुल गांधी भी शामिल होंगे."

लोकसभा और राज्यसभा सत्र विपक्षी दलों के लिए 100% सफल रहे : वेणुगोपाल

CWC की बैठक के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा, "बैठक में 88 से ज्यादा लोग शामिल हुए. चर्चा में 33 लोगों ने हिस्सा लिया, जिनमें मुख्यमंत्री और वर्किंग कमेटी के सीनियर सदस्य भी शामिल थे. जैसा कि जयराम रमेश ने कहा, आज हम तीन-चार बड़े मुद्दों पर ध्यान दे रहे हैं. पहला मुद्दा देश में परीक्षाओं का है. पेपर लीक का मामला. देश के छात्रों का आंदोलन और भारत सरकार ने जिस तरह से उस आंदोलन से निपटा, उस पर कांग्रेस वर्किंग कमेटी की सर्वसम्मति से राय थी कि लोकसभा और राज्यसभा में हुए सत्र विपक्षी दलों के लिए 100% सफल रहे और सरकार इस मुद्दे पर पूरी तरह बैकफुट पर थी. असल में, ये शिक्षा से जुड़े मुद्दे हैं."

राजीव गांधी ने शिक्षा को रोजगार व स्किल डेवलपमेंट से जोड़ा : खरगे

खरगे ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को याद किया और कहा, उन्होंने अपने कार्यकाल में नौजवानों को देश की नीतियों के केंद्र में रखा था. राजीव गांधी ने वोटिंग की उम्र 21 साल से घटाकर 18 साल की, नवोदय विद्यालयों का नेटवर्क खड़ा किया और शिक्षा को रोजगार व स्किल डेवलपमेंट से जोड़ा. इसके विपरीत, मौजूदा सरकार में युवाओं को पेपर लीक, भर्ती घोटालों और नियुक्तियों में देरी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे देशभर में रोष है. उन्होंने कहा कि समय आ गया है जब कांग्रेस युवाओं के लिए शिक्षा से रोजगार तक का रोडमैप देश के सामने रखें.

राम मंदिर चंदा चोरी से पल्ला नहीं झाड़ सकती मोदी सरकार : खरगे

राम मंदिर निर्माण से जुड़े मुद्दों पर बोलते हुए खरगे ने कहा कि जनता ने प्रधानमंत्री द्वारा गठित ट्रस्ट पर भरोसा कर दिल खोलकर दान दिया था. लेकिन आज उसमें भारी घपले और घोटाले के सवाल उठ रहे हैं. उन्होंने मांग की कि सरकार देश को बताए कि वहां कितना चढ़ावा, सोना-चांदी और बहुमूल्य सामग्री आई है और उसका पूरा लेखा-जोखा क्या है? केवल कुछ छोटे लोगों पर कार्रवाई करके सरकार इस मामले से अपना पल्ला नहीं झाड़ सकती.

खरगे का आरोप, चीन ने भारतीय सीमा पर किया अतिक्रमण

राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस अध्यक्ष ने चीन द्वारा भारतीय सीमा में अतिक्रमण की खबरों पर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा पर राजनीति नहीं होनी चाहिए, लेकिन इसकी अनदेखी भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. 2020 के गलवान झड़प के बाद दिए गए बयानों के बावजूद आज भी सीमा पर गंभीर सवाल बने हुए हैं. उन्होंने सेना के शौर्य को नमन करते हुए कहा कि कांग्रेस के सवाल सेना से नहीं, बल्कि सरकार की जवाबदेही तय करने के लिए हैं.

पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव पर कांग्रेस का फोकस

बैठक के अंत में खरगे ने कहा कि युवाओं का भविष्य, जनता की आस्था और देश की सीमाएं—ये तीनों मुद्दे आज देश के सामने सबसे बड़े सवाल हैं. आगामी पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए उन्होंने पार्टी नेताओं का आह्वान किया कि कांग्रेस को इन सभी विषयों पर देश के सामने एक मजबूत विकल्प और समाधान प्रस्तुत करना होगा.

ये भी पढ़ें: खड़गपुर-भद्रक रेल प्रोजेक्ट को कैबिनेट की मंजूरी, 173 किमी लंबी लाइन पर खर्च होंगे 3,352 करोड़ रुपये