समाचार · मध्य प्रदेश
छात्रावासों की बदहाल व्यवस्था, कलेक्टर को मिली छात्राएं:सुरक्षा, बेहतर भोजन-स्वास्थ्य की मांग; रैली निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची
भोपाल के कमला नेहरू गर्ल्स हॉस्टल समेत अन्य छात्रावासों में छात्राओं को हो रही समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) ने बुधवार को रैली निकाली। वहीं, कलेक्टर से भी मिले। जिनसे छात्रावासों की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करते हुए छात्राओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की गई। फेडरेशन ने कहा कि छात्रावासों में रहने वाली छात्राओं द्वारा लंबे समय से सुरक्षा, स्वास्थ्य, भोजन, स्वच्छता, पेयजल, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं सामने लाई जा रही हैं। कमला नेहरू गर्ल्स हॉस्टल की छात्राओं ने भी वार्डन के व्यवहार, शिकायतों के समाधान में देरी, पर्याप्त सुविधाओं के अभाव और भोजन की गुणवत्ता को लेकर समस्याएं बताई हैं। संगठन के अनुसार, ऐसी शिकायतें केवल एक छात्रावास तक सीमित नहीं हैं, बल्कि भोपाल के विभिन्न छात्रावासों से भी लगातार सामने आ रही हैं। ज्ञापन में यह मांग की गई
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि सभी छात्रावासों में स्वच्छ पेयजल, नियमित विद्युत आपूर्ति, पर्याप्त बेडशीट-कंबल, साफ-सफाई और आवश्यक दैनिक सुविधाएं की जाएं। छात्राओं के लिए मासिक धर्म स्वच्छता से जुड़े आवश्यक संसाधनों की नियमित उपलब्धता करने की भी मांग की गई। SFI ने छात्रावासों में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता, पर्याप्त मात्रा और समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ भोजन व्यवस्था की नियमित निगरानी की मांग की। संगठन ने कहा कि छात्राओं को पौष्टिक और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराना छात्रावास प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।