समाचार · मध्य प्रदेश
पति की मौत, उसके ही दोस्त संग लिव-इन में रही:देवास में अब फांसी लगाई, भाई बोला- युवक शादी की बात पर झगड़ता रहा
देवास के शिव शक्ति नगर में एक महिला ने मंगलवार देर रात अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला पिछले दो साल से एक युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। मृतका की पहचान 31 वर्षीय प्रियंका चौहान के रूप में हुई है। उनके भाई मयंक चौहान ने आरोप लगाया कि प्रियंका करीब दो साल से पंकज अहिरवार नामक युवक के साथ लिव-इन में रह रही थी। मयंक चौहान के अनुसार, प्रियंका पंकज से शादी करना चाहती थी, लेकिन पंकज इसके लिए तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। मयंक ने बताया कि मंगलवार रात उनकी पंकज से फोन पर बात हुई थी। उन्होंने पंकज से प्रियंका से बात कराने को कहा। कुछ देर बाद पंकज ने फोन कर बताया कि प्रियंका ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया है। दरवाजा तोड़ने पर प्रियंका पंखे से चुन्नी के फंदे से लटकी मिली। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। बुधवार सुबह पुलिस ने शव को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मयंक के मुताबिक, प्रियंका के पति की करीब चार साल पहले मौत हो गई थी। इसके बाद प्रियंका की दोस्ती पंकज अहिरवार से हुई, जो उनके पति का दोस्त था। दोस्ती बढ़ने के बाद दोनों साथ रहने लगे। परिजनों का आरोप है कि लिव-इन के दौरान दोनों के बीच कई बार विवाद हुए। प्रियंका शादी के लिए दबाव डालती थी, लेकिन पंकज कथित तौर पर तैयार नहीं था। प्रियंका की सात साल की एक बेटी भी है, जो फिलहाल अपने मामा मयंक चौहान के साथ रहती है। परिजनों ने मामले की जांच कर प्रियंका को आत्महत्या के लिए उकसाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। तथ्यों के आधार पर जांच कार्रवाई करेंगे
सिविल लाइन थाना प्रभारी अमित सोलंकी ने बताया कि महिला ने खुदकुशी की है। पीएम के बाद परिजनों को शव सौंप दिया है। परिजन जो आरोप लगा रहे हैं, तथ्यों और बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।