समाचार · मध्य प्रदेश
तीन नाबालिग मिलीं, दुष्कर्म के तीन आरोपी गिरफ्तार:बैतूल में 8 दिन से लापता थीं बालिकाएं; एक आरोपी फरार, तलाश जारी
बैतूल के बैतूल बाजार थाना क्षेत्र में तीन नाबालिग बालिकाओं को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जिला जेल भेज दिया गया। मामले में एक आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार, घटना 8 अगस्त की है। शासकीय हाईस्कूल बडोरा में पढ़ने वाली तीनों नाबालिग बालिकाएं स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने 15 अगस्त को बैतूल बाजार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तीन अलग-अलग मामले दर्ज कर बालिकाओं की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने बालिकाओं की तलाश के लिए हमलापुर, बाजपुर, किला खंडारा, सोनाघाटी, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित होटल और लॉज में सघन अभियान चलाया। रिपोर्ट दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने तीनों बालिकाओं को सकुशल बरामद कर लिया। बयानों के आधार पर बढ़ाई गईं धाराएं बालिकाओं के कथनों के आधार पर पुलिस ने मामले में दुष्कर्म, धमकी और पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाईं। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मनीष बरकड़े निवासी चारगांव और विनोद इवने निवासी धनियाजाम को 18 अगस्त को गिरफ्तार किया। इसके बाद मनीष आहाके निवासी झाड़ेगांव को 19 अगस्त को पकड़ा गया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जिला जेल भेज दिया गया। मामले में अरविंद धुर्वे नामक एक अन्य आरोपी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।