समाचार · मध्य प्रदेश
उचेहरा में बाइक सवारों को मारी टक्कर, तीन घायल:नागौद मार्ग पर हत्था बाबा के पास हादसा; घायलों को सतना किया गया रेफर
सतना के उचेहरा थाना क्षेत्र में बुधवार को नागौद मार्ग पर हत्था बाबा के पास सड़क हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अज्ञात चार पहिया वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मारने के बाद सड़क किनारे खड़े एक राहगीर को भी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक-4, चिकान मोहल्ला उचेहरा निवासी कासिम अंसारी (18) और हर्ष लहगीर (17) बाइक से नागौद की ओर जा रहे थे। हत्था बाबा के पास सामने से आए अज्ञात चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े सन्यासी टोला निवासी अंजय ताम्रकार (25) भी वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में तीनों घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए तीनों को जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया। एंबुलेंस का गेट टूटा मिला, रस्सी से बांधकर भेजा घायलों को सतना ले जाने के दौरान एंबुलेंस का गेट टूटा हुआ मिला। इस पर परिजनों ने आपत्ति जताई। बाद में एंबुलेंस के गेट को रस्सी से बांधकर बंद किया गया और घायलों को जिला अस्पताल के लिए रवाना किया गया। उचेहरा पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे की जांच के साथ फरार चालक और वाहन की तलाश कर रही है।