समाचार · मध्य प्रदेश
चावल घोटाले पर कांग्रेस का धरना:विधायक ने कहा- प्रशासन बैगा बच्चों की मौतों का आंकड़ा छिपा रहा, आंदोलन की चेतावनी दी
बालाघाट जिले में बैगा आदिवासी बच्चों की बीमारी से मौत, सरकारी चावल घोटाले, डबल मनी और बसों के बढ़े किराए जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को मुख्यालय में प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन दोपहर 1 बजे से शाम 5:30 बजे तक चला। काली पुतली चौक पर हुए इस प्रदर्शन में कांग्रेस अध्यक्ष व विधायक संजय उईके, मधु भगत, अनुभा मुंजारे और विवेक पटेल ने अपनी बात रखी। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे। मौतों के आंकड़े छिपाने का लगाया आरोप विधायक संजय उईके ने प्रशासन पर आरोप लगाया कि वह बच्चों की मौत के आंकड़े छिपा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन 125 बच्चों की जान बचाने का दावा तो कर रहा है, लेकिन मौतों की सही जानकारी नहीं दे रहा। उईके ने सवाल उठाया कि इस मामले में जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई कब होगी। उन्होंने प्रभारी मंत्री के सिर्फ जिला अस्पताल जाने को एक खानापूर्ति बताया और कहा कि अगर वे गांव जाते तो उन्हें असलियत पता चलती। 10-10 लाख रुपए मुआवजे की मांग कांग्रेस ने बीमारी से जान गंवाने वाले बच्चों के परिवारों को 10-10 लाख रुपए का मुआवजा देने की मांग की है। चावल घोटाले पर जेल भरो आंदोलन की चेतावनी कांग्रेस विधायक अनुभा मुंजारे ने चावल घोटाले के मामले में आरोपी भाजपा जिलाध्यक्ष के भाई राजकुमार कावरे की अब तक गिरफ्तारी न होने पर सवाल उठाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर पुलिस जल्द ही उसे गिरफ्तार नहीं करती है, तो कांग्रेस आने वाले दिनों में जेल भरो आंदोलन करेगी। विधायक मधु भगत और विवेक पटेल ने उठाई आवाज विधायक मधु भगत ने आरोप लगाया कि सरकार देश के युवाओं और आदिवासी बच्चों की परवाह नहीं कर रही है। वहीं विधायक विवेक पटेल ने बढ़े हुए किराए, बच्चों की मौत के जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई, और डबल मनी व चावल घोटाले के आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की।