समाचार · हरियाणा
गुरुग्राम में बस की टक्कर से युवक की मौत:बाइक पर चाचा के साथ घर लौट रहा था; सिर में लगी थी गंभीर चोट
गुरुग्राम के सोहना में सिरमथला-निमोठ रोड पर शुक्रवार शाम एक बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद बस ड्राइवर वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान सोहना, गुरुग्राम के गांव बादशाहपुर टैठड़ निवासी नितिन पुत्र मांगे राम के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, नितिन कुने नांगल स्थित राहका कंपनी में कार्यरत था। उसके चाचा नरेश कुमार उसे कंपनी से लेने गए थे। घर लौट रहे थे, बस ने मारी टक्कर शाम करीब 6 बजे कंपनी की छुट्टी के बाद वे नितिन को बाइक पर पीछे बैठाकर सिरमथला रोड से निमोठ की ओर अपने घर लौट रहे थे। नरेश कुमार के अनुसार, कंपनी से कुछ दूरी पर सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नरेश बाइक से उछलकर सड़क किनारे जा गिरे, जबकि नितिन के सिर में गंभीर चोटें आईं। नरेश ने बस का नंबर HR-55-AU-8706 देखा। दुर्घटना के बाद बस ड्राइवर वाहन सहित मौके से फरार हो गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया राहगीरों की मदद से घायल नितिन को तुरंत अल फलाह अस्पताल, धौज ले जाया गया। वहां से उसे बेहतर इलाज के लिए फरीदाबाद के ईएसआई अस्पताल, टाउन नंबर-3 में भर्ती कराया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद नितिन को मृत घोषित कर दिया। ड्राइवर पर लापरवाही से बस चलाने का आरोप नरेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बस ड्राइवर पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने बस नंबर HR-55-AU-8706 के ड्राइवर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।