Sunday, 20 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national · पश्चिम बंगाल

बंगाल के कलिम्पोंग में 2 साल से छिपा था अफगान नागरिक, 'चिकेन नेक' को लेकर जांच एजेंसियों के उड़े होश

INT News20 September 2026 at 09:25 am

कोलकाता से बिकास कुमार गुप्ता की रिपोर्ट

भारत में गैरकानूनी तरीके से प्रवेश करने और कलिम्पोंग में अपना ठिकाना बनाने के आरोप में पुलिस ने एक अफगानी नागरिक को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की. गिरफ्तार अफगान नागरिक की पहचान सैयद बिलाल खान (28) के रूप में हुई है. वह काबुल के यूसुफ खेल जिले के पटकीकर इलाके का रहने वाला है.

किरायेदारों के सत्यापन के निर्देश

पुलिस ने उसे कलिम्पोंग के हाट बाजार इलाके में चेस्ट क्लिनिक के पास स्थित एक घर से पकड़ा. उससे पूछताछ की जा रही है कि उसने कालिम्पोंग में घर क्यों किराये पर लिया था और क्या वह रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सिलीगुड़ी कॉरिडोर, जिसे ‘चिकेन नेक’ कहा जाता है, के बारे में खुफिया जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहा था. घटना के बाद कलिम्पोंग पुलिस ने पहाड़ी इलाकों और सिलीगुड़ी कॉरिडोर क्षेत्र में किरायेदारों के सत्यापन के निर्देश जारी किये हैं.

दो साल से किराये के मकान में रह रहा था

गिरफ्तार व्यक्ति से पूछताछ के दौरान पुलिस को कई अहम जानकारियां मिलने का दावा किया गया है. जांचकर्ताओं के अनुसार, कालिम्पोंग के पहाड़ी इलाके में अपना ठिकाना बनाने से पहले वह गैरकानूनी तरीके से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर भारत में दाखिल हुआ था. वह करीब दो साल से हाट बाजार इलाके में एक किराये के मकान में रह रहा था. तलाशी के दौरान वह भारत में वैध तरीके से प्रवेश और रहने से संबंधित कोई वीजा, पासपोर्ट या अन्य दस्तावेज पेश नहीं कर सका. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अब उसके भारत आने, कालिम्पोंग में रहने और स्थानीय स्तर पर उसके संपर्कों की जांच कर रही है.

‘चिकेन नेक’ की सुरक्षा पर बढ़ी निगरानी

सिलीगुड़ी कॉरिडोर, जिसे ‘चिकंस नेक’ कहा जाता है, भारत के मुख्य भू-भाग को पूर्वोत्तर राज्यों से जोड़ने वाला रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्र है. इस कॉरिडोर की भौगोलिक स्थिति और सुरक्षा को देखते हुए यहां किसी विदेशी नागरिक के लंबे समय तक रहने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है.

पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

लोगों से सतर्क रहने की अपील

कलिम्पोंग की पुलिस अधीक्षक अपराजिता राय ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. उन्होंने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति को मकान या अन्य संपत्ति किराये पर देने से पहले उसके पहचान संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन कराना चाहिए. इसके लिए नजदीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क करने की भी अपील की गयी है. पुलिस की ओर से किरायेदारों के सत्यापन की प्रक्रिया तेज करने के साथ निगरानी बढ़ाने और छापेमारी की योजना भी बनायी गयी है.

Also Read: बंगाल में होगी जाति प्रमाणपत्रों की जांच, अब तक 45,000 लोग संदिग्ध सूची में