समाचार · छत्तीसगढ़
महिला सरपंच ने कीटनाशक पीकर की आत्महत्या की कोशिश:पंचायत के 3.50 लाख के पुराने कर्ज का दबाव, उपसरपंच और पंचों पर जातिगत अपमान का आरोप
बालोद जिले के गुंडरदेही ब्लॉक में महिला सरपंच मंजू महिलांग (साहू) ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या की कोशिश की। घटना 31 अक्टूबर की रात सनौद थाना क्षेत्र के ग्राम सियनमरा की है। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। मंजू ने पंचायत के पुराने कर्ज को चुकाने के दबाव और कथित जातिगत अपमान से परेशान होकर यह कदम उठाने की बात कही है। उन्होंने उपसरपंच और कुछ पंचों पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित करने का आरोप लगाया है। उपचुनाव में छह महीने पहले बनी थीं सरपंच जानकारी के अनुसार, मंजू महिलांग करीब छह महीने पहले पंचायत के उपचुनाव में सरपंच निर्वाचित हुई थीं। आरोप है कि पूर्व सरपंच पंचायत पर करीब 3 लाख 50 हजार रुपए का कर्ज छोड़ गए थे। इस कर्ज को चुकाने के लिए मंजू पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। मंजू का आरोप है कि उपसरपंच और कुछ पंच उन्हें कर्ज चुकाने के लिए परेशान कर रहे थे। साथ ही जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर उन्हें अपमानित भी किया जाता था। सरपंच की कुर्सी पर बैठने का भी होता था विरोध बताया गया है कि मंजू महिलांग ने रिकेश साहू से अंतरजातीय विवाह किया है। पंचायत का सरपंच पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित होने के कारण वे उपचुनाव में निर्वाचित हुई थीं। आरोप है कि सरपंच बनने के बाद से ही उन्हें जाति के आधार पर अपमानित किया जाता था। यहां तक कि पंचायत में सरपंच की कुर्सी पर बैठने को लेकर भी आपत्ति जताई जाती थी। उन पर पद छोड़ने के लिए दबाव बनाए जाने का आरोप भी है। अस्पताल पहुंचकर पुलिस ने दर्ज किया बयान घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचकर महिला सरपंच का बयान दर्ज किया है। सनौद थाना प्रभारी सोनसिंह सोरी के अनुसार, सूचना मिलने पर वे रविवार को गांव पहुंचे थे, लेकिन महिला के घर पर ताला लगा हुआ था। ग्रामीणों से भी घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। फिलहाल महिला का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।