समाचार · छत्तीसगढ़
मरवाही में पहुंचे 52 हाथी, फसल को नुकसान की आशंका:पसान में 20 दिन बिताने के बाद मटियाडांड-भटियार पहुंचे; दल में शावक भी शामिल
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के मरवाही वनमंडल में हाथियों की आमद से ग्रामीणों और किसानों की चिंता बढ़ गई है। कटघोरा वनमंडल के पसान क्षेत्र में करीब 20 दिन बिताने के बाद 52 हाथियों का दल अब मरवाही के मटियाडांड और भटियार इलाके में पहुंच गया है। हाथियों का झुंड क्षेत्र में अलग-अलग जगहों पर घूम रहा है। शुरुआत में हाथियों के इस दल में 35 से 40 हाथियों के होने का अनुमान लगाया गया था। वन विभाग की गणना के मुताबिक, अब इस दल में कुल 52 हाथी हैं। इनमें कई छोटे शावक भी शामिल हैं, जो बड़े हाथियों के साथ आगे बढ़ रहे हैं। खेतों में धान की फसल खा रहे हाथी हाथियों का झुंड इलाके के खेतों में लहलहाती धान की फसल खा रहा है। इससे किसानों को फसल के नुकसान की आशंका सता रही है। हाथियों की लगातार आवाजाही से ग्रामीण भी चिंतित हैं। वन विभाग और हाथी मित्र दल कर रहे निगरानी हाथियों की गतिविधियों और उनकी सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग का मैदानी अमला और हाथी मित्र दल लगातार निगरानी कर रहे हैं। विभाग की ओर से ग्रामीणों को सतर्क रहने और जंगल की तरफ नहीं जाने की सलाह दी जा रही है। इसके लिए गांवों में लगातार मुनादी भी कराई जा रही है।