Saturday, 24 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

2 बेटों की हत्या के बाद सरकारी मदद के लिए भटक रहा पिता, प्रशासन से लगायी गुहार

INT News23 October 2026 at 02:47 pm

गढ़वाः दो बेटों की हत्या के बाद परिवार का सहारा खो चुके एक पिता को अब तक सरकारी सहायता नहीं मिली है. मदद की उम्मीद में वह बार-बार प्रशासन का दरवाजा खटखा रहे हैं. शुक्रवार को समाहरणालय में उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा की जनसुनवाई में रंका प्रखंड के कंचनपुर निवासी कृष्णा राम ने एक बार फिर आर्थिक सहायता की गुहार लगायी.

कृष्णा राम ने बताया कि वर्ष 2023 में उनके एक बेटे की हत्या कर दी गयी थी. इसके बाद वर्ष 2026 में उनके दूसरे बेटे की भी हत्या हो गयी. दोनों बेटों को खोने के बावजूद उन्हें अब तक किसी तरह की सरकारी सहायता नहीं मिली है. उन्होंने बताया कि 29 सितंबर को हुई जनसुनवाई में भी उन्होंने आवेदन दिया था. उस समय सहायता दिलाने का आश्वासन मिला था, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें दोबारा अपनी फरियाद लेकर पहुंचना पड़ा.

ये भी पढ़ें: रांची में ट्रैफिक नियम समझाने सड़क पर उतरा बाघ! कांटाटोली चौक पर दिखा अनोखा अंदाज

कच्चे मकान में परिवार, आवास की आस

जनसुनवाई में सदर प्रखंड की ओबरा पंचायत के सुनील विश्वकर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास उपलब्ध कराने की मांग की. उन्होंने बताया कि वह पत्नी और चार बच्चों के साथ मिट्टी के खपरैल मकान में रहते हैं. बरसात के दिनों में परिवार को काफी परेशानी होती है. आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण पक्का मकान बनाना संभव नहीं है. उन्होंने अपनी पात्रता के आधार पर आवास स्वीकृत करने का आग्रह किया.

आंगनबाड़ी सेविका चयन प्रक्रिया पर उठाये सवाल

मेराल प्रखंड के चामा निवासी बब्लू विश्वकर्मा ने उत्तर हरिजन टोला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-12 में सेविका चयन प्रक्रिया में अनियमितता का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि 14 अक्टूबर को हुई चयन प्रक्रिया के दौरान ग्रामसभा में ग्रामीणों की सहमति नहीं ली गयी और आमसभा की सूचना भी समय पर नहीं दी गयी. इस कारण योग्य अभ्यर्थी चयन प्रक्रिया में शामिल होने से वंचित रह गये. उन्होंने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की.

ये भी पढ़ें: गढ़वा-पलामू से राजस्थान का सफर होगा आसान, जयपुर के लिए शुरू होगी साप्ताहिक ट्रेन

जन्म प्रमाण पत्र के लिए नौ महीने से इंतजार

केतार प्रखंड के बतोकला निवासी ललन प्रसाद गुप्ता ने जन्म प्रमाण पत्र जारी नहीं होने की शिकायत की. उन्होंने बताया कि अनिता कुमारी, जिनकी जन्मतिथि 15 फरवरी 1990 है, का प्रमाण पत्र बनवाने के लिए जनवरी 2026 में आवेदन दिया गया था. इसके बावजूद अब तक प्रमाण पत्र जारी नहीं किया गया है. उन्होंने संबंधित कर्मचारी पर प्रमाण पत्र जारी करने के बदले अवैध राशि मांगने का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की. हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

35 आवेदन मिले, अधिकारियों को कार्रवाई का निर्देश

उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा ने समाहरणालय सभागार में आयोजित जनसुनवाई के दौरान लोगों की समस्याएं सुनीं. इस दौरान राशन, पेंशन, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, आवास, मुआवजा, रोजगार, सरकारी योजनाओं का लाभ और बकाया मजदूरी भुगतान सहित विभिन्न मामलों को लेकर फरियादी पहुंचे. उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को शिकायतों के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने दूरभाष पर भी विभागीय अधिकारियों को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ मामलों का निष्पादन करने को कहा. जनसुनवाई में करीब 35 आवेदन प्राप्त हुए.

ये भी पढ़ें: गुमला में बाप पर बेटे की हत्या का आरोप, थाने जाकर गढ़ रहा मौत की कहानी