Saturday, 15 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

अमरकंटक में स्कूल बस-ऑटो भिड़ंत, चालक की मौत:कोहरे के कारण ज्वालेश्वर मार्ग पर हादसा, दो महिलाएं गंभीर

INT News15 August 2026 at 03:42 pm

अमरकंटक-ज्वालेश्वर मार्ग पर शनिवार को एक सड़क हादसे में ऑटो चालक की मौत हो गई। ज्वालेश्वर मंदिर के पास सरस्वती शिशु मंदिर की स्कूल बस और एक ऑटो के बीच सीधी टक्कर हुई। इस दुर्घटना में ऑटो में सवार दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मृतक ऑटो चालक की पहचान अमरकंटक के कपिल संगम निवासी 50 वर्षीय सतीश जायसवाल के रूप में हुई है, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। घायलों में 23 वर्षीय मीनाक्षी मरावी, निवासी टिकरी टोला, अमरकंटक और 55 वर्षीय ललिता कीर, निवासी पिपरिया, जिला नर्मदापुरम (होशंगाबाद) शामिल हैं। घना कोहरे के कारण हादसा अमरकंटक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारी डॉ. रानू सारीवान ने बताया कि घायलों के अनुसार, दुर्घटना का मुख्य कारण घना कोहरा (धुंध) था। सुबह बारिश के बाद दृश्यता बेहद कम होने के कारण दोनों वाहनों के चालकों को सामने से आता वाहन दिखाई नहीं दिया, जिससे आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। डॉ. सारीवान ने बताया कि दोनों घायल महिलाओं के पैर और हाथ की हड्डी टूटने की आशंका है। चोटों की गंभीरता एक्स-रे के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। स्कूल बस में सवार बच्चे और अन्य यात्री सुरक्षित बताए गए हैं, किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल टक्कर की तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और ऑटो में फंसे घायलों को बाहर निकाला। उन्हें अमरकंटक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वाहन जब्त किए जाएंगे अमरकंटक थाना प्रभारी मानिम टोप्पो ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई कर रही है। टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पहले प्राथमिक रूप में कार्रवाई करते आगे वाहन जब्ती के साथ अन्य कार्रवाई की जाएगी।