Saturday, 15 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

तीन बार हर्ष फायर, परेड कर मंत्री को सलामी:स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में कैलाश विजयवर्गीय शामिल; लोकतंत्र सेनानियों का किया सम्मान

INT News15 August 2026 at 03:50 pm

देवास में स्वतंत्रता दिवस शनिवार को देशभक्ति के उत्साह के साथ मनाया गया। पुलिस परेड ग्राउंड पर आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर कलेक्टर ऋतुराज सिंह और पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद भी उपस्थित रहे। ध्वजारोहण के बाद मंत्री विजयवर्गीय ने परेड का निरीक्षण किया। इसके उपरांत सशस्त्र बलों ने तीन बार हर्ष फायर किए। परेड कमांडर रणजीत ठाकुर के नेतृत्व में विभिन्न टुकड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। मंत्री विजयवर्गीय ने परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया और रंग-बिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़े। समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का सीधा प्रसारण किया गया। मुख्य अतिथि मंत्री विजयवर्गीय ने स्वतंत्रता दिवस का बधाई संदेश पढ़ा। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, लोकतंत्र सेनानियों और शहीदों के परिवारजनों को शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह में जोश भर दिया। इस अवसर पर जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों और सामाजिक संस्थाओं को भी सम्मानित किया गया। कर्तव्य का निर्वहन करते हुए प्राण न्योछावर करने वाले वन रक्षक मदनलाल वर्मा को शासन द्वारा शहीद का दर्जा दिए जाने पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। परेड प्रतियोगिताओं में सीआईएसएफ बैंक नोट प्रेस देवास ने शस्त्र सहित परेड में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि जिला पुलिस पुरुष बल द्वितीय और जिला होमगार्ड तृतीय रहा। शस्त्र रहित परेड में एनसीसी सीनियर बॉयज केपी कॉलेज प्रथम, नारायण विद्या स्कूल क्रमांक-1 द्वितीय और एनसीसी जूनियर चिमनाबाई स्कूल तृतीय स्थान पर रहे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में महारानी चिमनाबाई स्कूल को प्रथम, सेन थॉम स्कूल को द्वितीय और उत्कृष्ट स्कूल को तृतीय पुरस्कार मिला। कर्मदीप पब्लिक स्कूल को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किया गया। समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष लीला अटारिया सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे।